11-Jun-2026
...


जमुई, (ईएमएस)। बिहार के जमुई जिले से गुरुवार सुबह एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई, जहां रेलवे यार्ड परिसर में आकाशीय बिजली गिरने से 42 वर्षीय एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान ज्वाला कुमार सिंह उर्फ सेठ जी (42) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से अक्षरा (कटौना) गांव के रहने वाले थे, लेकिन बचपन से ही अपने ननिहाल में रह रहे थे। उनके परिवार में मामा बिपिन कुमार सिंह बिजली विभाग में कार्यरत हैं, जबकि दूसरे मामा कमल किशोर सिंह उर्फ पिंटू सिंह हैं। बताया गया कि ज्वाला कुमार की शादी नहीं हुई थी और वे लंबे समय से अपने नाना-नानी के घर पर ही रह रहे थे। परिजनों के अनुसार, गुरुवार सुबह ज्वाला कुमार शौच के लिए घर से निकले थे और जमुई रेलवे यार्ड की ओर गए थे। इसी दौरान अचानक मौसम खराब हो गया और तेज आंधी के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। इसी बीच रेलवे ट्रैक के पास लगे तारों के करीब आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आकर वे गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे स्टेशन परिसर और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) और परिजनों को सूचना दी। खबर मिलते ही परिवार के सदस्य घटनास्थल पर पहुंचे। इस घटना की खबर से पूरे गांव में इस घटना से मातम का माहौल है। संतोष झा- ११ जून/२०२६/ईएमएस