11-Jun-2026
...


फिरोजाबाद (ईएमएस)। राजकीय इंटर कॉलेज प्रवक्ता प्रारंभिक परीक्षा-2025 को सुचिताबद्ध, शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने पुलिस लाइन सभागार में सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट और केंद्र व्यवस्थापकों के साथ समीक्षा बैठक की। जिलाधिकारी ने बताया कि यह परीक्षा 14 जून 2026 को सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक एक पाली में नौ परीक्षा केंद्रों पर होगी। उन्होंने भीषण गर्मी को देखते हुए सभी केंद्रों पर पेयजल, सफाई, शौचालय और छाया की व्यवस्था अनिवार्य रूप से करने के निर्देश दिए। प्रत्येक केंद्र पर स्वास्थ्य विभाग की मेडिकल टीम भी तैनात रहेगी। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे क्रियाशील रखने और ड्यूटी में बार-बार बदलाव न करने को कहा गया। जिनकी ड्यूटी जहां लगी है, वह वहीं तैनात रहेंगे। जिलाधिकारी ने आयोग के निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन करने और क्लार्क रूम की समुचित व्यवस्था करने पर जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि चेकिंग पूरी तरह से होगी और परीक्षा केंद्र पर मोबाइल, ब्लूटूथ या अन्य कोई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाना प्रतिबंधित रहेगा। सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट परीक्षा के दौरान भ्रमणशील रहेंगे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने कहा कि परीक्षा के दौरान आसपास के साइबर कैफे और फोटो स्टेट की दुकानें बंद रहेंगी। परीक्षा केंद्रों के पास खड़े वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग की जाएगी। यह परीक्षा सी.एल. जैन डिग्री कॉलेज, दाऊ दयाल महिला डिग्री कॉलेज, दाऊ दयाल इंटर कॉलेज, एम.जी. इंटर कॉलेज, एस.आर.के. पी.जी. कॉलेज, एस.आर.के. इंटर कॉलेज, गोपीनाथ इंटर कॉलेज, नारायण कॉलेज शिकोहाबाद और पाली इंटर कॉलेज शिकोहाबाद में आयोजित होगी। उन्होंने दोहराया कि सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टेटिक मजिस्ट्रेट अपने क्षेत्र में अनिवार्य रूप से भ्रमणशील रहेंगे और किसी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। बैठक में अपर जिलाधिकारी वि. एवं रा. कल्पना जयसवाल, एसपी सिटी रवि शंकर प्रसाद, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक सहित सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। - ईएमएस, फिरोजाबाद