- टोल फ्री नंबर 18003157008 पर मिस्ड कॉल देकर रजिस्टर्ड हों भिंड (ईएमएस)| आगामी 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों और वरिष्ठ कार्यालय से प्राप्त निर्देशों के पालन में कलेक्टर भिण्ड के मार्गदर्शन एवं जिला आयुष अधिकारी डॉ. नीलम कुशवाह के नेतृत्व में भिण्ड जिले में समस्त आयुष संस्थानों पर योग अभ्यास किया जा रहा है। जिले में संचालित आयुष्मान आरोग्य मंदिरों (आयुष) पर विभागीय योग प्रशिक्षकों द्वारा प्रतिदिन सुबह 8:00 बजे से कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार योग कराया जाता है, जिले की समस्त संस्था प्रतिदिन सुबह 8:00 बजे से भोपाल स्थित पंडित खुशीलाल शर्मा आयुर्वेदिक कॉलेज से जूम/यूट्यूब लिंक के द्वारा जुड़कर वहां के प्रशिक्षित योग शिक्षकों द्वारा बताए जाने वाले योगाभ्यास का संस्था के योग प्रशिक्षक को देखकर उनके साथ अभ्यास करते हैं एवं योगासन की बारीकियों को सीखते हैं साथ ही उन्हें बताया जाता है कि किस बीमारी के दौरान कौन से योग करने हैं और योग करते समय किन-किन बातों का ध्यान रखना चाहिए और किन बीमारियों में वह किन योगासनों को नहीं कर सकते हैं। जिला आयुष अधिकारी द्वारा समस्त जिले वासियों से अपील की गई है कि वो भी इस मुहिम में जुड़ें साथ ही आने वाली 14 जून 2026 को भारत सरकार द्वारा योग अभ्यास का गिनीज़ बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में ऐतिहासिक वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया जाएगा। आप सभी लोग इस मुहिम से जुड़ने के लिए 18003157008 पर मिस कॉल देकर अपने आपको रजिस्टर करें। इस नंबर पर मिस्ड कॉल देने से आपको 14 जून को सुबह 6 बजे आपके व्हाट्स ऐप पर योग लिंक प्राप्त होगी जिसके साथ जुडकर आप भी वर्ल्ड रिकॉर्ड के सहभागी बन दुनिया में भारत और योग को गौरवान्वित करने में शामिल हों।