क्षेत्रीय
11-Jun-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली एनसीआर के लोनी में 21 साल के लड़के को चार लोगों ने चाकू घोंपकर मार डाला। पिता का आरोप है कि कॉलोनी में रहने वाले लोगों ने उसे मारा है। मृतक लड़के बीते साल एक युवक की हत्या कर दी थी। वह फिलहाल जमानत पर जेल से बाहर आया था। दिल्ली एनसीआर के लोनी थाना क्षेत्र में बुधवार रात पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। मृतक कुछ समय पहले ही हत्या के मामले में जेल से जमानत पर आया था। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। परिजनों ने मामले में चार के खिलाफ पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर मामले की जांच में जुटी है। लोनी थाना क्षेत्र में अशोक विहार की आशियाना सिटी कॉलोनी में 21 वर्षीय युवक तस्लीम रहता था। पिता असगर ने बताया कि बेटा का घर से कुछ दूरी पर सैलून है। बुधवार रात करीब 9:30 बजे के बाद बेटे के मोबाइल पर फोन आया। फोन सुनने के बाद बेटा मलिक सिटी में मजार के पास जाने की बात बोलता हुआ निकल गया। उन्होंने आरोप लगाया कि मौके पर मौजूद चार हमलावरों ने पुत्र पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। जानकारी मिलने पर वह मौके पर पहुंचे और मामले की सूचना पुलिस को देकर घायल पुत्र को संयुक्त अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सक ने जांच के बाद पुत्र को मृत घोषित कर दिया। उन्होंने कॉलोनी में रहने वाले चार के खिलाफ पुत्र की हत्या करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को शिकायत दी है। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/11/ जून /2026