क्षेत्रीय
11-Jun-2026
...


- मुख्यमंत्री के नाम सौंपा 9 सूत्रीय मांगपत्र बेमेतरा (ईएमएस)। जिले में खरीफ सीजन से पहले किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर जिला किसान कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बुधवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय का घेराव किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री के नाम 9 सूत्रीय मांगपत्र कलेक्टर को सौंपा। प्रदर्शन में किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अभिषेक मिश्रा, पूर्व कृषि मंत्री रविंद्र चौबे, पूर्व विधायक गुरुदयाल सिंह बंजारे, पूर्व विधायक एवं कांग्रेस जिलाध्यक्ष आशीष छाबड़ा, किसान कांग्रेस जिला अध्यक्ष मंगत साहू सहित महिला कांग्रेस, एनएसयूआई और कांग्रेस के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि खरीफ सीजन की शुरुआत से पहले किसान खाद, बीज, बिजली और सिंचाई जैसी मूलभूत समस्याओं से जूझ रहे हैं। उनका कहना है कि समय पर समाधान नहीं होने से खेती-किसानी प्रभावित हो रही है और किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। कांग्रेस द्वारा सौंपे गए 9 सूत्रीय मांगपत्र में प्रति एकड़ खाद कटौती की व्यवस्था समाप्त करने, सभी किसानों को एकमुश्त खाद वितरण सुनिश्चित करने, डीजल की पर्याप्त उपलब्धता कराने, कृषि बिजली दरों में राहत देने, खाद की कालाबाजारी पर प्रभावी रोक लगाने, किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) की ऋण सीमा बढ़ाने, धान खरीदी की राशि का एकमुश्त भुगतान करने तथा लंबित अनुदान राशि जल्द जारी करने जैसी प्रमुख मांगें शामिल हैं। सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रदेश के किसान खेती के मौसम में आवश्यक संसाधनों के लिए भटक रहे हैं। उन्होंने सरकार से किसानों की समस्याओं पर तत्काल ध्यान देने और मांगों को जल्द पूरा करने की मांग की। किसान कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि किसानों से जुड़े मुद्दों का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। प्रदर्शन के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर किसानों की मांगों को सरकार तक पहुंचाने का आग्रह किया। - (ईएमएस) 11 जून 2026