धनबाद(ईएमएस)।धनबाद जिले के बाघमारा थाना क्षेत्र में बुधवार की देर रात उस समय भारी हंगामा खड़ा हो गया, जब दो पत्नियों के जीवित रहते चोरी-छिपे तीसरी शादी करने जा रहे एक दूल्हे की दूसरी पत्नी ने कलई खोल दी।सूचना मिलते ही दूसरी पत्नी गिरिडीह से सीधे अपने ससुराल बाघमारा पहुंची और पुलिस की मदद से अपने पति के इस तीसरे विवाह को ऐन वक्त पर रुकवा दिया। इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद मामला थाने पहुंचा, जहां दोनों पक्षों के परिजनों के बीच घंटों तीखी बहसबाजी होती रही।गिरिडीह जिले के बरकट्टा थाना क्षेत्र (ग्राम मनकडीहा) निवासी मोहम्मद सुभान की पुत्री आसमीन प्रवीन ने बाघमारा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। लिखित शिकायत पर बाघमारा थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर मंजर अंसारी की होने वाली तीसरी शादी को रुकवा दिया। शिकायत में पीडिता ने कहा है कि उनकी विवाह 20 जुलाई 2019 को बाघमारा थाना क्षेत्र के रथटांड अंसारी मुहल्ला निवासी जुम्मन मियां के पुत्र मंजर अंसारी के साथ हुआ था।शादी के समय वधु पक्ष ने अपनी हैसियत के अनुसार गृहस्थी का सारा जरूरी सामान व उपहार दिया था। शादी के एक साल बाद तक सब कुछ ठीक रहा। इसके बाद पति मंजर अंसारी, सास-ससुर और देवर सहित अन्य ससुराल वालों ने आसमीन के साथ मारपीट और प्रताड़ना शुरू कर दी।पंचायती में खुला पहली शादी का राज प्रताड़ना को लेकर जब कई बार सामाजिक पंचायती बुलाई गई, तब आसमीन को पता चला कि मंजर अंसारी ने अपनी पहली शादी की बात छुपाकर उससे झूठ बोलकर दूसरी शादी की थी।मंजर की पहली पत्नी शाहीन परवीन (ग्राम माधोपुर, बरही, जिला हजारीबाग) है, जो जीवित है। पहली पत्नी ने भी ससुराल वालों के खिलाफ हजारीबाग की अदालत में दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज कराया हुआ है, जो वर्तमान में विचाराधीन है।आसमीन को सूचना मिली कि उसका पति मंजर अंसारी अब तीसरी शादी करने की तैयारी में है।वह बाघमारा थाना क्षेत्र के ही लुतीपहाड़ी निवासी कमल अंसारी की पुत्री खुशबू परवीन के साथ चोरी-छिपे निकाह करने जा रहा था।इस बात की जानकारी मिलते ही आसमीन बिना वक्त गंवाए हजारीबाग से सीधे बाघमारा पहुंची और मामले की सूचना स्थानीय पुलिस को दी। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और लिखित शिकायत के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। कर्मवीर सिंह/11जून/26