सिमडेगा (ईएमएस)।तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर सामने आया है। कोलेबिरा थाना क्षेत्र के अघरमा के निकट मंगलवार को हुए सड़क हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में तीन बच्चे, एक महिला और एक पुरुष शामिल हैं।जानकारी के अनुसार एक ही परिवार के 9 लोग स्कॉर्पियो में सवार होकर कहीं जा रहे थे। इसी क्रम में कोलेबिरा थाना क्षेत्र के अघरमा के निकट तेज गति से जा रही स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे एक पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए।हादसे में एक ही परिवार के तीन बच्चे, एक महिला और एक पुरुष की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना में शामिल चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।एसडीपीओ धर्मदेव पासवान ने घटना की पुष्टि करते हुए इसे अत्यंत ही दुःखद घटना बताया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे तेज गति से वाहन न चलाएं और यातायात नियमों का पालन करें। - 11जून/26