- तीन वर्षों में 145 करोड़ की विकास योजनाएं हुई पूरी, हर वार्ड तक सुविधाएं पहुंचाना लक्ष्य- मेयर मधुबनी, (ईएमएस)। मधुबनी नगर निगम के मेयर अरुण राय ने अपने कार्यकाल के तीन वर्ष पूरे होने पर गुरुवार को नगर निगम कार्यालय में केक काटकर जश्न मनाया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मेयर ने कहा कि पिछले तीन वर्षों में नगर निगम क्षेत्र में करीब 145 करोड़ रुपये की लागत से सड़क, नाला, पेयजल, पार्क, स्ट्रीट लाइट और सार्वजनिक सुविधाओं से जुड़ी अनेक योजनाओं को धरातल पर उतारा गया है। उन्होंने दावा किया कि विकास कार्यों के माध्यम से शहर की आधारभूत संरचना को मजबूत बनाने की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। मेयर ने बताया कि उनके कार्यकाल में वीर कुंवर सिंह द्वार, जनक नंदिनी मां सीता द्वार, महाराणा प्रताप द्वार, कवि कोकिल विद्यापति द्वार सहित कई महत्वपूर्ण प्रवेश द्वारों का निर्माण कराया गया। इसके अलावा विभिन्न क्षेत्रों में सार्वजनिक शौचालयों का निर्माण कर नागरिक सुविधाओं का विस्तार किया गया। उन्होंने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में 102 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से 445 नाली-गली निर्माण कार्य पूरे किए गए हैं। वहीं 29 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से 113 नल-जल योजनाओं का क्रियान्वयन कर पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ बनाया गया है। इसके तहत 64 सबमर्सिबल पंप भी लगाए गए हैं, जिससे लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके। मेयर अरुण राय ने बताया कि शहर को रोशन करने के लिए छह करोड़ रुपये से अधिक की लागत से 4,800 स्ट्रीट लाइटें लगाई गई हैं। साथ ही 34 लाख रुपये की लागत से नगर निगम पार्क का निर्माण कार्य जारी है तथा 14 लाख रुपये से अधिक की लागत से थीमेटिक पार्क का विकास भी प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि नगर निगम द्वारा शुरू की गई शेष योजनाओं को अगले दो वर्षों के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। जनता के विश्वास को अपनी सबसे बड़ी ताकत बताते हुए उन्होंने कहा कि विकास की गति को और तेज किया जाएगा तथा नगर निगम क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड और मोहल्ले तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने का प्रयास जारी रहेगा। मेयर ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि सड़क, नाली, पेयजल, स्वच्छता अथवा किसी अन्य नागरिक सुविधा से संबंधित समस्या होने पर वे सीधे नगर निगम से संपर्क करें। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान करना नगर निगम की जिम्मेदारी है और इसके लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम में डिप्टी मेयर अमानुल्लाह खान, पार्षद मनीष सिंह नगर निगम के सभी वार्ड पार्षद, सशक्त स्थायी समिति के सदस्य, निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इस दौरान मेयर के तीन वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर उन्हें सम्मानित भी किया गया। (फ़ोटो: निगम कार्यालय में मेयर अरुण राय, उपमेयर अमानुल्लाह खान को पुष्पगुच्छ देते पार्षद मनीष सिंह) कार्तिक कुमार/संतोष झा- ११ जून/२०२६/ईएमएस