क्षेत्रीय
11-Jun-2026
...


ग्वालियर ( ईएमएस ) बिजौली थाना क्षेत्र के गणेशपुरा इलाके में एक तेज रफ्तार कार ने स्कूटी को टक्कर मार दी। घटना में दो मासूम बच्चों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी कार चालक को गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया है। बीते रोज गणेशपुरा इलाके में हुई। गणेशपुरा निवासी एक परिवार होटल से खाना खाकर स्कूटी से घर लौट रहा था। तभी हाईवे पर पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार यूपी नंबर की सफेद कार ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी सवार पांचों लोग उछलकर सड़क पर जा गिरे। कार चालक मौके से फरार हो गया। हादसे का वीडियो भी सामने आया है। हादसे में स्कूटी सवार रवि राजे, नरेंद्र सिंह, अजय सिंह और दो बच्चे निशांत राजे व गर्वित राजे गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के दौरान 5 वर्षीय निशांत राजे और 6 वर्षीय गर्वित राजे ने दम तोड़ दिया। दोनों बच्चे गणेशपुरा के रहने वाले थे। रवि राजे, नरेंद्र सिंह और अजय सिंह का इलाज अभी भी जारी है और डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर बताई है। बिजौली पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया था। सीसीटीवी फुटेज में यूपी नंबर की कार स्पष्ट दिख रही थी। पुलिस ने टोल प्लाजा और हाईवे के अन्य कैमरों की भी जांच की, जिसके बाद आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। एसडीएम ने घटना को गंभीरता से लेते हुए पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने के लिए राज्य सरकार को रिपोर्ट भेजी है।