- उज्जैन के 210 रनों का एवरेस्ट भी पड़ा बौना; ऋतिक टाडा ने मात्र 32 गेंदों में नाबाद 91 रन कूटकर फाल्कन्स के जबड़े से छीनी फतह इंदौर (ईएमएस)। ऋतिक टाडा (नाबाद 91 रन, 32 गेंद) की आतिशी पारी और छठे विकेट के लिए कप्तान राहुल बाथम (नाबाद 46) के साथ हुई 114 रनों की नाबाद साझेदारी की बदौलत जबलपुर रॉयल लायंस ने गुरुवार को मध्य प्रदेश प्रीमियर लीग टी-20 सिंधिया कप में उज्जैन फाल्कन्स को 5 विकेट से हरा दिया। डेली कॉलेज ग्राउंड पर खेले गए इस हाई-स्कोरिंग मुकाबले में उज्जैन फाल्कन्स से मिले 211 रनों के विशाल लक्ष्य को जबलपुर ने महज 18.4 ओवरों में 5 विकेट खोकर हासिल कर लिया। एक समय 98 रन पर 5 विकेट गंवाकर संकट में घिरी जबलपुर की टीम ने टाडा के 11 चौकों और 6 छक्कों के दम पर 8 गेंदें शेष रहते यह यादगार जीत दर्ज की। इससे पहले, जबलपुर रॉयल लायंस के कप्तान राहुल बाथम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। उनका यह निर्णय शुरुआत में सही साबित हुआ जब कप्तान चंचल राठौर (4) और यश दुबे (4) सस्ते में पवेलियन लौट गए। इसके बाद सोहम पटवर्धन (50 रन, 36 गेंद) और आर्यन पांडे (36) ने पारी को संभाला। आर्यन के जाने के बाद मैदान पर शुरू हुआ माधव तिवारी का असली तांडव। माधव ने मैदान पर चौके-छक्कों की आंधी लाते हुए मात्र 52 गेंदों में नाबाद 92 रनों की गगनभेदी पारी खेली, जिसमें 9 चौके और 6 गगनचुंबी छक्के शामिल थे। उन्होंने ओजस्व यादव (12*) के साथ मिलकर अंतिम ओवरों में महज 18 गेंदों में 52 रनों की अटूट साझेदारी की और निर्धारित 20 ओवरों में टीम का स्कोर 210 रनों के विशाल योग पर पहुँचाया। जबलपुर की ओर से पुनीत दांते सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 31 रन देकर 3 विकेट चटकाए। 211 रनों के कड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी जबलपुर की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही। सलामी बल्लेबाज अर्पित गौड़ (1) और विकेटकीपर अजय रोहेरा (7) जल्दी आउट हो गए। इसके बाद आकर्ष सिंह ने 21 गेंदों में 40 रन और अभिषेक भंडारी ने 23 रन बनाकर कुछ उम्मीदें जगाईं, लेकिन मध्यक्रम के ढहने से 11.1 ओवर में जबलपुर का स्कोर 98/5 हो गया और आधी टीम डगआउट में बैठ चुकी थी। यहाँ से जबलपुर की हार दीवार पर लिखी इबारत की तरह साफ नजर आ रही थी। लेकिन इसके बाद मैदान पर जो हुआ, उसकी कल्पना उज्जैन की टीम ने सपने में भी नहीं की थी। पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे ऋतिक टाडा ने कप्तान राहुल बाथम के साथ मिलकर मैदान के हर कोने में गेंद को बाउंड्री के पार भेजा। दोनों ने छठे विकेट के लिए मात्र 45 गेंदों में 114 रनों की नाबाद और मैच जिताऊ ऐतिहासिक साझेदारी की। ऋतिक टाडा ने उज्जैन के गेंदबाजों की बेरहमी से धुनाई करते हुए मात्र 32 गेंदों में नाबाद 91 रन कूट डाले। इस आतिशी पारी में उन्होंने 11 चौके और 6 छक्के जड़े। उनका स्ट्राइक रेट 284.38 का रहा। 19वें ओवर में आयुष मानकर की दूसरी गेंद पर चौका, तीसरी पर दुक्की और चौथी गेंद पर गगनचुंबी छक्का मारकर टाडा ने मैच का एकतरफा अंत कर दिया। इस करिश्माई पारी के लिए ऋतिक टाडा को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। :: संक्षिप्त स्कोर :: उज्जैन फाल्कन्स : 210/4 (20 ओवर) (माधव तिवारी 92*, सोहम पटवर्धन 50, आर्यन पांडे 36; पुनीत दांते 3/31, अक्षय शर्मा 1/37) जबलपुर रॉयल लायंस : 212/5 (18.4 ओवर) (ऋतिक टाडा 91*, राहुल बाथम 46*, आकर्ष सिंह 40; ऋषि मिगलानी 1/22, आर्यन पांडे 1/42) प्रकाश/10 जून 2026