क्षेत्रीय
11-Jun-2026
...


इन्दौर (ईएमएस) सायबर ठगोरों ने एक एमबीए छात्रा का मोबाइल हैक कर करीब डेढ़ लाख रुपए की ऑनलाइन ठगी को अंजाम दे दिया। मामला हीरानगर थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार मूलतः खंडवा निवासी और इन्दौर में रहकर एमबीए की पढ़ाई कर रही नेहा राजपूत की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ आइटी एक्ट और धोखाधड़ी की धाराओं में केस दर्ज किया गया। नेहा ने अपनी शिकायत में पुलिस को बताया कि मेरा पेटीएम बैंक खाते से लिंक है। 5 जून की रात मैंने बैंक खाते का बैलेंस चेक किया था तो सब सही था। 6 जून को मां का कॉल आया और उन्होंने मोबाइल रिचार्ज कराने के लिए कहा जब मैंने पेटीएम ऐप से मोबाइल फोन रिचार्ज करने की कोशिश की तो रिचार्ज नहीं हुआ, लेकिन बाद में बैलेंस चेक करने पर खाते में केवल 4 रुपए शेष मिले। जब बैंक जाकर जानकारी ली तो पता चला कि मेरे खाते से तीन बार अज्ञात आरोपी ने ट्रांजेक्शन कर लिए थे। पहला ट्रांजेक्शन 99 हजार रुपए, दूसरा 46 हजार रुपए और तीसरा 99 रुपए का पाया गया। इस तरह से मेरे खाते से किसी ने मेरा मोबाइल हैक कर करीब 1.45 लाख रुपए निकाल लिए। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि रकम किन खातों में ट्रांसफर की गई और ट्रांजेक्शन के समय मोबाइल पर कोई संदिग्ध गतिविधि हुई थी या नहीं। साइबर सेल की मदद से मोबाइल डेटा, बैंकिंग लॉग और ट्रांजेक्शन ट्रेल की जांच की जा रही है। आनंद पुरोहित/ 11 जून 2026