- अनुपस्थित पाए गए शिक्षकों को जारी होंगे कारण बताओ सूचना पत्र, विद्यालयों की व्यवस्थाओं का लिया जायजा नर्मदापुरम (ईएमएस)। सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग द्वारा विकासखंड केसला अंतर्गत कार्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी केसला का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कार्यालयीन व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए पाई गई कमियों को शीघ्र दूर करने हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए। तत्पश्चात शासकीय एकीकृत हाईस्कूल झुनकर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान श्री संजय त्रिवेदी, उच्च पद प्रभारी माध्यमिक शिक्षक उपस्थित पाए गए, जबकि प्राचार्य सहित शेष समस्त स्टॉफ अनुपस्थित मिला। अनुपस्थित पाए गए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किए जाने की कार्यवाही की जा रही है। निरीक्षण के दौरान ग्राम झुनकर में सामुदायिक वन अधिकार (CFRA) के अंतर्गत वनाधिकार दावों के संबंध में चर्चा की गई तथा ग्राम सभा की गतिविधियों एवं प्रक्रियाओं की जानकारी भी प्राप्त की गई। इसके पश्चात ग्राम चाटुआ स्थित एकीकृत माध्यमिक शाला का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में शिक्षकों की आवश्यकता महसूस की गई। इस संबंध में जिला स्तर से तत्काल शिक्षकों की व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक कार्यवाही किए जाने का आश्वासन दिया गया। सहायक आयुक्त द्वारा विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता, शिक्षकों की उपस्थिति एवं विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की सतत निगरानी के निर्देश भी दिए गए। ईएमएस/राजीव अग्रवाल/ 11 जून 2026