खेल
11-Jun-2026
...


:: श्रीलंका दौरे के लिए कप्तान यशबर्धन को मिली दोहरी जिम्मेदारी; मनल चौहान चार दिवसीय टीम में बिखेरेंगे चमक :: मुम्बई/इंदौर (ईएमएस)। टू चौहान्स, वन ड्रीम, इंडिया अंडर-19! मध्य प्रदेश के दो युवा क्रिकेटरों ने आज इस जुमले को हकीकत में बदलते हुए राष्ट्रीय पटल पर प्रदेश का नाम रोशन कर दिया। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) द्वारा श्रीलंका दौरे के लिए घोषित की गई भारत की जूनियर टीम में मध्य प्रदेश के यशबर्धन सिंह चौहान और मनल चौहान ने अपनी जगह पक्की कर ली है। खास बात यह है कि चयनकर्ताओं ने यशबर्धन सिंह चौहान की असाधारण नेतृत्व क्षमता पर भरोसा जताते हुए उन्हें वनडे और मल्टी-डे (चार दिवसीय) दोनों टीमों की कमान सौंपी है, जबकि मनल चौहान को चार दिवसीय टीम के मुख्य स्कॉड में शामिल किया गया है। बीसीसीआई के मानद सचिव देवजीत सैकिया द्वारा 11 जून को जारी आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार, भारतीय टीम आगामी 4 जुलाई से श्रीलंका दौरे पर तीन वनडे और दो चार दिवसीय मैच खेलेगी। इस पूरे दौरे पर भारतीय चुनौती की कप्तानी का गौरव मध्य प्रदेश के यशबर्धन के हिस्से आया है। :: यशबर्धन को दोहरी कमान, मनल भी तैयार :: मैदान पर अपनी सधी हुई तकनीक और कप्तानी के हुनर से प्रभावित करने वाले यशबर्धन सिंह चौहान श्रीलंका की धरती पर भारतीय टीम की अगुवाई करेंगे। वह सीमित ओवरों (वनडे) और लंबी अवधि (मल्टी-डे) दोनों ही प्रारूपों में भारत के मुख्य सेनापति होंगे। उनके डिप्टी (उपकप्तान) के रूप में लक्ष्य रायचंदानी को चुना गया है। वहीं, दोनों चौहानों के एक ही सपने को पूरा करते हुए मनल चौहान ने भी अपनी धारदार खेल के दम पर भारत की मल्टी-डे टीम में अपना टिकट पक्का कर लिया है। गाले और कोलंबो की पिचों पर मनल चौहान भारतीय जर्सी में खेलते हुए नजर आएंगे। दोनों खिलाड़ियों के इस शानदार चयन से मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (एमपीसीए) और स्थानीय खेल प्रेमियों में उत्साह की लहर है। :: श्रीलंका दौरे का पूरा कार्यक्रम (मैच सुबह 10:00 बजे से) :: 04 जुलाई (शनिवार) : पहला वनडे, हम्बनटोटा 06 जुलाई (सोमवार) : दूसरा वनडे, हम्बनटोटा 09 जुलाई (गुरुवार) : तीसरा वनडे, हम्बनटोटा 13 से 16 जुलाई (सोमवार-गुरुवार) : पहला बहु-दिवसीय मैच, गाले 20 से 23 जुलाई (सोमवार-गुरुवार) : दूसरा बहु-दिवसीय मैच, कोलंबो :: घोषित भारतीय जूनियर टीमें इस प्रकार हैं :- भारत पुरुष अंडर-19 मल्टी-डे (चार दिवसीय) टीम : यशबर्धन सिंह चौहान (कप्तान), लक्ष्य रायचंदानी (उपकप्तान), सागर विर्क, पटेल कुश, मनल चौहान, कुशाग्र ओझा, मानव कृष्णा (विकेटकीपर), आर्यन संदेश सकपाल (विकेटकीपर), हेमचुदेशन जे., बीके किशोर, रोहित अनिल यादव, काव्या परेश पटेल, प्रियांशु सिंह, प्रणव राघवेंद्र, चिगुरुपति वेंकट। भारत पुरुष अंडर-19 वनडे टीम : यशबर्धन सिंह चौहान (कप्तान), लक्ष्य रायचंदानी (उपकप्तान), सागर विर्क, विनीत वीके, अर्जुन राजपूत, कुशाग्र ओझा, रजत बघेल (विकेटकीपर), अन्वय द्रविड़ (विकेटकीपर), अनमोलजीत सिंह, वुतकुरी यशवीर गौड़, रोहित अनिल यादव, शविन वी, काव्या परेश पटेल, मोहित उलवा, इशान सूद। प्रकाश/11 जून 2026