खेल
11-Jun-2026


दांबुला (ईएमएस)। श्रीलंका में खेली जा रही त्रिकोणीय श्रृंखला के दूसरे मुकाबले में अफगानिस्तान-ए ने इंडिया-ए को डकवर्थ-लुईस नियम के तहत 4 रन से हरा दिया। यह मुकाबला दांबुला के रंगिरी दांबुला अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेला गया, जहां बारिश ने मैच का परिणाम तय करने में अहम भूमिका निभाई। पहले बल्लेबाजी करते हुए इंडिया-ए ने 49 ओवर में 349 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। टीम को तेज शुरुआत युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी और प्रभसिमरन सिंह ने दिलाई। वैभव ने केवल 22 गेंदों में 44 रन बनाए, जबकि प्रभसिमरन सिंह ने शानदार 84 रन की पारी खेली। इसके अलावा ऋतुराज गायकवाड और तिलक वर्मा ने 66-66 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। सूर्यांश शेडगे ने भी 40 रन का योगदान दिया। 350 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अफगानिस्तान-ए की टीम ने भी दमदार शुरुआत की। हसन इसाखिल ने 34 रन बनाए। इसके बाद कप्तान इमरान मीर और बहीर शाह ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए तीसरे विकेट के लिए नाबाद 108 रन की साझेदारी की। इमरान मीर 75 और बहीर शाह 51 रन बनाकर नाबाद लौटे। जब अफगानिस्तान-ए का स्कोर 25.2 ओवर में 2 विकेट पर 177 रन था, तभी बारिश आ गई और खेल दोबारा शुरू नहीं हो सका। इसके बाद डकवर्थ-लुईस नियम लागू किया गया, जिसमें अफगानिस्तान-ए 4 रन से विजेता घोषित हुई। अफगानिस्तान की ओर से अब्दुल्लाह अहमदजई ने 5 विकेट लेकर जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सुबोध/११-०६-२०२६