क्षेत्रीय
11-Jun-2026
...


- फरियादी से प्लॉट के नामांतरण के ऐवज में मांगी थी 40 हजार की रकम भोपाल(ईएमएस)। ईओडब्ल्यू की टीम ने ग्वालियर ने तहसीलदार गोसपुरा, ग्वालियर के रीडर, सहायक ग्रेड-3 अनिल कुडवारिया को 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों ट्रेप किया है। आरोपी रीडर ने फरियादी से उसके प्लाट का नामांतरण करवाने के ऐवज में 40 हजार रूपये की रिश्वत मांग रहा था। विभाग द्वारा साझा की गई जानकारी के अनुसार किलागेट घासमण्डी, मंग्लेश्वर रोड जिला ग्वालियर के रहने वाले फरियादी जितेन्द्र पाण्डेय पिता वासुदेव पाण्डेय ने बीती 10 जून को एसपी ईओडब्ल्यू ग्वालियर को लिखित शिकायती आवेदन देते हुए बताया था की उसने निर्मला गोस्वामी को रानीपुरा तहसील गोसपुरा में एक प्लाट बेचा था। उस बेचे गये प्लाट का नामांतरण करवाने के लिए उसने कार्यालय तहसीलदार गोसपुरा, ग्वालियर में आवेदन दिया था। इस पर आरोपी रीडर अनिल कुडवारिया द्वारा प्लॉट का नामांतरण किये जाने के ऐवज में उससे 40 हजार रुपए रिश्वत की मांग की। शिकायत की शुरुआती जॉच में आरोपी द्वारा रिश्वत मांगने की बात सही पाई गई। इसके बाद एसपी ईओडब्ल्यू के निर्देश पर उसे रंगे हाथो दबोचने के लिये प्लान तैयार करते हुए निरीक्षक शैलेन्द्र सिंह कुशवाह के नेतृत्व में एक ट्रेप टीम बनाई गई। योजना के मुताबिक 11 जून गुरुवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय ग्वालियर में जैसे ही आरोपी रीडर अनिल कुडवारिया ने फरियादी से रिश्वत के रुप में ट्रैप टीम द्वारा दिये गये 20 हजार रुपये के विशेष नबंर के रंग लगे नोट अपने कब्जे में लिये तभी वहॉ पहले से घात लगाकर बैठी ट्रेप टीम ने उसे रंगे हाथों धर दबोचा। आरोपी के हाथ रासायनिक घोल में घुलवाने पर घोल का रंग गुलाबी हो गया, जो उसके रिश्वत लेने की पुष्टी करता है। आरोपी रीडरअनिल कुडवारिया के पास से रिश्वत की रकम जप्त करने के साथ ही उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओ के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्यवाही की जा रही है। - ट्रैप टीम में यह रहे शामिल ईओडब्ल्यू ग्वालियर की ट्रैप टीम में अनिल कुमार लोधी, निरीक्षक मदन मोहन मालवीय, पारुल चंदेल, उप निरीक्षक नीलम श्रीवास्तव, हरि किशोर चतुर्वेदी, ब्रजमोहन शर्मा, शैलेन्द्र शर्मा, आरक्षक नरेश सिंह, अभिषेक चौहान, अभिषेक सिंह तोमर और स्थायी कर्मी दीपक श्रीवास्तव शामिल रहे। जुनेद / 11 जून