- कई वाहन क्षतिग्रस्त, चालक फरार, आक्रोशित लोगों ने टैंकर में की तोड़फोड़ इन्दौर (ईएमएस) आज दोपहर इन्दौर के पटेल ब्रिज पर उस समय अफरातफरी मच गई जब नगर निगम के एक अनियंत्रित टैंकर ने कई कारों और बाइकों को टक्कर मार दी, जिसमें 4 लोग घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्थिति ऐसी बन गई थी कि बेकाबू टैंकर को अपनी ओर आता देख लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भाग रहे थे। जब टैंकर ब्रिज के फुटपाथ को तोडते हुए उस पर रूका तब लोगों की सांस में सांस आई तब तक टैंकर कई वाहनों को क्षतिग्रस्त कर चुका था। हादसा टैंकर के ब्रेक फेल होने के कारण होना बताया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टैंकर अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क पर आगे बढ़ते हुए वाहनों को टक्कर मारता चला गया। इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे से नाराज लोगों ने टैंकर के रूकने पर उसमें तोड़फोड़ कर दी। इस दौरान चालक फरार हो गया। हादसे में चार कारें और कई बाइक क्षतिग्रस्त हुई हैं। हालांकि किसी तरह की गंभीर जनहानि की खबर नहीं है। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति संभाली। आक्रोशित लोगों का कहना है कि निगम ने खराब हालत वाले वाहन को सड़क पर कैसे उतारा कोई दर्दनाक हादसा हो जाता तो जवाबदेही किसकी होती। आनंद पुरोहित/ 11 जून 2026