क्षेत्रीय
11-Jun-2026
...


अशोकनगर |(ईएमएस)। विवाहिता से दुष्कर्म करने वाले आरोपी एवं उसके सहयोगी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार किया गया है। थाना सेहराई में एक विवाहिता महिला द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उसके देवर के मौसी के लड़के द्वारा उसे घर पर अकेला पाकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। पीड़िता ने यह भी बताया कि घटना को अंजाम देने में उसके देवर द्वारा आरोपी का सहयोग किया गया तथा घटना के उपरांत दोनों आरोपियों द्वारा उसे जान से मारने की धमकी देकर भयभीत किया गया। इसी कारण पीड़िता तत्काल घटना की जानकारी अपने पति को नहीं दे सकी। लगभग 15 दिन बाद साहस जुटाकर पीड़िता ने अपने पति को घटना से अवगत कराया, जिसके पश्चात दोनों थाना सेहराई पहुंचे और रिपोर्ट दर्ज कराई। फरियादिया की रिपोर्ट के आधार पर थाना सेहराई में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। थाना प्रभारी सेहराई धर्मेश दांगी के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस टीम द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ-साथ तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर तंत्र की सहायता से आरोपियों की पतारसी की गई। इसी दौरान सूचना प्राप्त हुई कि मुख्य आरोपी रिषभ कुशवाह तथा उसका सहयोगी प्रेमनारायण इंदौर की ओर फरार होने की तैयारी में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्यवाही करते हुए बताए गए स्थान पर दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। ईएमएस/ओमप्रकाश रघुवंशी/ 11 जून 2026