मुंबई (ईएमएस)। पिछले सात वर्षों से सोसायटी के लोगों के प्यार और देखभाल में रहने वाले कम्युनिटी डॉग माइकी की मौत ने बॉलीवुड अभिनेत्री मंजरी फडनिस को बेहद भावुक कर दिया है। उनकी सोसायटी के माइकी की निर्मम हत्या ने उन्हें अंदर तक झकझोर कर रख दिया है। सोशल मीडिया पर उन्होंने एक मार्मिक वीडियो साझा करते हुए इस बेजुबान जानवर के लिए न्याय की मांग की है। मंजरी ने अपने वीडियो में बताया, माइकी 2019-20 से हमारी सोसायटी में रह रहा था। उसे उसके परिवार ने छोड़ दिया था, जिसके बाद हम सब ने मिलकर उसकी देखभाल की। धीरे-धीरे वह सोसायटी के हर सदस्य का चहेता बन गया। लोग उसे खाना खिलाते थे, उसकी देखभाल करते थे और उसे अपने परिवार का एक सदस्य मानते थे। कुछ दिन पहले अचानक माइकी गायब हो गया, जिससे पूरी सोसायटी चिंतित हो गई। जब वह लंबे समय तक दिखाई नहीं दिया, तो लोगों ने मिलकर उसे ढूंढने की कोशिशें तेज कर दीं। माइकी के पोस्टर लगाए गए, सुरक्षा गार्डों और कर्मचारियों से पूछताछ की गई और आसपास के इलाकों में भी उसकी तलाश की गई, लेकिन कई दिनों तक उसका कोई सुराग नहीं मिला। मंजरी ने अपने वीडियो में आगे कहा, माइकी एक बहुत ही शांत और प्यारा कुत्ता था। वह किसी को भी परेशान नहीं करता था। एक व्यक्ति ने बताया कि माइकी के साथ बेहद क्रूर व्यवहार किया गया। वह सोसायटी के एक बेसमेंट के पास आराम से सो रहा था, तभी उस पर हमला किया गया। अभिनेत्री ने रोते हुए बताया कि किसी ने उसे भारी डंडे या लोहे की रॉड से उसके सिर पर मारा। वह बुरी तरह घायल और भ्रमित हो गया। इसके बाद उसे बेसमेंट के बी1 और बी2 के बीच की सीढ़ियों तक घसीटा गया और वहां भी लगातार बेरहमी से पीटा गया। उसे इतना मारा गया कि उसके मुंह से खून बहने लगा। गंभीर रूप से घायल होने के बाद माइकी को एक बोरे में डालकर नाले में फेंक दिया गया। मंजरी ने बताया, हम सब लोग अभी भी उसके शव की तलाश कर रहे हैं ताकि इस पूरी सच्चाई सामने आ सके और दोषियों को सजा मिल सके। इस घटना को याद करते हुए मंजरी कई बार भावुक हो गईं। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर शांत और किसी को नुकसान न पहुंचाने वाले कम्युनिटी डॉग भी सुरक्षित नहीं हैं, तो यह समाज के लिए कितनी चिंता की बात है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और जल्द से जल्द न्याय की मांग की है। सुदामा/ईएमएस 12 जून 2026