12-Jun-2026
...


झांसी(ईएमएस)महानगर में कुछ निजी बस ऑपरेटर टूरिस्ट परमिट के नाम पर फुटकर सवारिया ढो रहे हैं और इस तरह से राजस्व को चूना लगाने का खेल खेला जा रहा है। यह निजी बस ऑपरेटर बाकायदा कार्यालय खोलकर खुले आम बुकिंग कर रहे हैं और जगह-जगह से फुटकर सवारिया बटोर कर उनका परिवहन कर रहे हैं। परिवहन विभाग ने अब ऐसे बस ऑपरेटरों को रडार पर लिया है और विशेष चेकिंग के निर्देश दिए हैं। परिवहन आयुक्त आशुतोष निरंजन ने सभी उप परिवहन आयुक्त संभागीय परिवहन अधिकारियों को पत्र भेज कर बताया है कि यह संज्ञान में आया है कि अखिल भारतीय पर्यटक परमिट पर चलने वाली कुछ बस व वाहन ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से सीट वार बुकिंग करा कर स्टेज कैरिज के रूप में संचालित हो रहे हैं जो कि नियम विरुद्ध है। ऐसी बस के विरुद्ध विशेष चेकिंग अभियान चलाया जाए चेकिंग के दौरान यह भी जरूर देखा जाए कि वाहन गृह राज्य से अपनी यात्रा शुरू करेगा और वहीं पर समाप्त होगा। वाहन 60 दिन से अधिक बाहर नहीं रहेगा वाहन में फुटकर सवारी तो नहीं बैठी है इसका भी ध्यान रखा जाए। वाहन चेकिंग की दौरान इस बात को भी देखा जाए कि वाहन में पर्यटकों की सूची के अलावा कोई और यात्री तो नहीं यात्रा कर रहा है वाहन में व्हीकल ट्रैकिंग डिवाइस और आपात बटन अवश्य लगा होना चाहिए।उन्होंने परमिट का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इस संबंध में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन हेमचंद्र गौतम ने बताया कि पर्यटन परमिट पर चलने वाले वाहनों की चेकिंग के आदेश आए हैं लेकिन पुलिस भारती की वजह से चेकिंग को स्थगित कर दिया गया था।जल्द ही विशेष अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस प्रकार के वाहनों की नियमित चेकिंग होती है जिसमें हर माह 20 से 25 बस पर परमिट उल्लंघन की कार्रवाई की जाती है। कई जुर्माना अदा कर देते हैं जो जुर्माना अदा नहीं करते हैं तो उन वाहनों को पुलिस के हवाले कर दिया जाता है।शरद शिवहरे /ईएमएस /12जून