12-Jun-2026
...


मुंबई, (ईएमएस)। आगामी मानसून को देखते हुए मुंबई महानगरपालिका ने सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने और शहर में यातायात तथा जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं। महानगरपालिका आयुक्त अश्विनी भिडे ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि ट्रैफिक जाम, जलभराव और दुर्घटना-प्रवण स्थानों (ब्लैक स्पॉट्स) की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाए, ताकि बारिश के दौरान नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। मुंबई महानगरपालिका मुख्यालय में विभिन्न विभागों की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अतिरिक्त आयुक्तों, सह आयुक्तों, उप आयुक्तों, विभाग प्रमुखों तथा यातायात पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक के दौरान आयुक्त अश्विनी भिडे ने कहा कि मानसून के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था सुचारु और निर्बाध बनाए रखना सभी विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए यातायात पुलिस के साथ लगातार समन्वय बनाए रखते हुए आवश्यक योजना और व्यवस्थाएं लागू की जाएं। - ब्लैक स्पॉट्स की पहचान कर किए जाएं सुधार आयुक्त ने निर्देश दिया कि सड़क दुर्घटनाओं की संभावना वाले ब्लैक स्पॉट्स की पहचान कर वहां तत्काल इंजीनियरिंग सुधार किए जाएं। दुर्घटनाओं की संख्या और गंभीरता कम करने के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्ययोजना तैयार कर उसकी सख्ती से अमल सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सड़क किनारे होने वाली अवैध पार्किंग पर सख्त कार्रवाई की जाए तथा नागरिकों को महानगरपालिका के सार्वजनिक पार्किंग स्थलों का अधिक उपयोग करने के लिए जागरूक किया जाए। - स्कूलों और अस्पतालों के आसपास नहीं लगेगा जाम महानगरपालिका ने स्कूलों, अस्पतालों और अन्य महत्वपूर्ण सार्वजनिक संस्थानों के आसपास यातायात जाम रोकने के लिए विशेष स्थानीय योजनाएं तैयार करने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा सड़कों पर लंबे समय से खड़े परित्यक्त वाहनों को हटाने के लिए परिवहन विभाग और ट्रैफिक पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाने को कहा गया है। - नालों की सफाई का काम लगभग पूरा बैठक में नदियों और नालों की सफाई की समीक्षा भी की गई। आयुक्त ने बताया कि निर्धारित लक्ष्य की तुलना में- बड़े नालों से 112 प्रतिशत गाद (सिल्ट) निकाली जा चुकी है। छोटे नालों में 115 प्रतिशत सफाई कार्य पूरा हो चुका है। मिठी नदी से लगभग 84 प्रतिशत गाद हटाने का कार्य पूरा हो गया है। हालांकि परिमंडल-5 के कुछ क्षेत्रों में नाला सफाई का कार्य अभी जारी है, जिसे जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। - जलभराव वाले क्षेत्रों पर विशेष ध्यान आयुक्त अश्विनी भिडे ने सभी सहायक आयुक्तों को अपने-अपने क्षेत्रों में नालों, वर्षा जल निकासी लाइनों और जलभराव संभावित स्थानों का नियमित निरीक्षण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि शहर में मौजूद फ्लडिंग स्पॉट्स यानी जलभराव वाले स्थानों की संख्या कम करने के लिए योजनाबद्ध और प्रभावी उपाय किए जाएं। यदि किसी विकास कार्य या अन्य कारणों से नए जलभराव क्षेत्र बन गए हैं तो उन्हें तत्काल समाप्त किया जाए। - मैनहोल और ड्रेनेज सिस्टम की होगी जांच मनपा ने भूमिगत सीवर और वर्षा जल निकासी प्रणाली से जुड़े सभी मैनहोल कवरों की जांच करने के निर्देश भी दिए हैं। टूटे हुए, ढीले या नागरिकों की सुरक्षा के लिए खतरा बनने वाले ढक्कनों को तुरंत बदलने के लिए कहा गया है। - मेट्रो और रेलवे से भी होगा समन्वय आयुक्त ने कहा कि मेट्रो, रेलवे और अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित कर यह सुनिश्चित किया जाए कि उनके अधिकार क्षेत्र में मानसून पूर्व तैयारी का कार्य समय पर पूरा हो चुका हो। उन्होंने जोर देकर कहा कि बारिश के मौसम में जलनिकासी व्यवस्था को पूरी तरह कार्यक्षम बनाए रखना और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करना होगा। स्वेता/संतोष झा- १२ जून/२०२६/ईएमएस