क्षेत्रीय
12-Jun-2026
...


सूरजपुर(ईएमएस)। जिले में चिटफंड कंपनियों के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। करोड़ों रुपये की ठगी के मामले में पीएसीएल कंपनी के दो और डायरेक्टरों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपियों को कवर्धा जिला जेल से प्रोडक्शन वारंट पर सूरजपुर लाकर पूछताछ की गई, जिसके बाद उन्हें मामले में विधिवत गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने निवेशकों को रकम दोगुनी करने का लालच देकर बड़ी संख्या में लोगों से निवेश कराया था। हालांकि परिपक्वता अवधि पूरी होने के बाद भी निवेशकों को उनकी राशि वापस नहीं मिली, जिससे हजारों लोग ठगी का शिकार हुए। एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देश पर जिले में चिटफंड कंपनियों से जुड़े लंबित मामलों की जांच में तेजी लाई जा रही है। इसी क्रम में जांच के दौरान पता चला कि पीएसीएल कंपनी के डायरेक्टर गुरजंट सिंह गिल उर्फ गुरजन सिंह और गुरूनाम सिंह वर्तमान में कवर्धा जिला जेल में बंद हैं। इसके बाद न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट प्राप्त कर दोनों को सूरजपुर लाया गया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने कंपनी के अन्य पदाधिकारियों के साथ मिलकर निवेशकों को अधिक लाभ और राशि दोगुनी होने का प्रलोभन दिया था। इस योजना के तहत सूरजपुर जिले के लोगों से करोड़ों रुपये जमा कराए गए, लेकिन बाद में रकम वापस नहीं की गई। पुलिस ने बताया कि इस मामले में इससे पहले कंपनी के छह अन्य डायरेक्टरों निर्मल सिंह भंगू, त्रिलोचन सिंह, सुखदेव सिंह, जोगेंद्र टाइगर, गुरमीत सिंह और सुब्रत भट्टाचार्य को गिरफ्तार किया जा चुका है। दो और गिरफ्तारी के बाद इस प्रकरण में अब तक कुल आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और निवेशकों की राशि तथा कंपनी के अन्य जिम्मेदार लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)12 जून 2026