भिंड ( ईएमएस ) | राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत प्रत्येक वर्ष जून माह को मलेरिया निरोधक माह के रूप में मनाया जाता है। इसी क्रम में जून 2026 के दौरान जिले में मलेरिया के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने हेतु मलेरिया रथ के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान का शुभारंभ मलेरिया रथ को हरी झंडी दिखाकर किया गया। यह रथ जिले के विभिन्न ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में भ्रमण कर मलेरिया से बचाव, रोकथाम एवं उपचार संबंधी संदेशों का प्रसार करेगा तथा आमजन को स्वच्छता एवं मच्छरजनित रोगों से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करेगा। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी भिण्ड डॉ. जे. एस. यादव, जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. शिवराम सिंह कुशवाह, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आलोक शर्मा, डॉ. अवधेश सोनी, जिला महामारी नियंत्रक अधिकारी डीएएम श्रीमती रीना अवस्थी,, स्थापना लिपिक श्री शिवांग सिंह राजावत तथा स्वास्थ्य विभाग के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने आमजन से मलेरिया की रोकथाम हेतु मच्छरदानी के उपयोग, घर एवं आसपास स्वच्छता बनाए रखने तथा बुखार होने पर तत्काल स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराने की अपील की है।