भिंड ( ईएमएस ) | आगामी मानसून को देखते हुए कलेक्टर भिण्ड एवं पुलिस अधीक्षक भिण्ड ने एसडीएम अटेर, एसडीओपी अटेर, आपदा प्रबंधन एवं राजस्व अधिकारियों के साथ अटेर क्षेत्र के चिन्हित बाढ़ संभावित इलाकों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने संवेदनशील स्थलों का जायजा लिया। कलेक्टर ने चिन्हित स्थानों का निरीक्षण कर स्थानीय ग्रामीणों से बाढ़ की स्थिति एवं संभावित जोखिमों की जानकारी प्राप्त की। ग्रामीणों ने क्षेत्र की समस्याओं और सुझावों से प्रशासन को अवगत कराया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को बारिश से पहले सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करने, संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने तथा राहत एवं बचाव व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर एवं एसपी ने कहा कि मानसून के दौरान स्थिति पर लगातार नजर रखी जाएगी।