क्षेत्रीय
12-Jun-2026
...


कांकेर(ईएमएस)। जिले के भानुप्रतापपुर थाना पुलिस ने घर में घुसकर महिला से दुष्कर्म करने और लंबे समय से फरार चल रहे 10 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी को मोहला-मानपुर क्षेत्र से पकड़कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी कैलाश नेताम उसका परिचित था। आरोपी ने आवश्यकता बताकर उससे करीब डेढ़ लाख रुपये उधार लिए थे, लेकिन रकम लौटाने के बजाय उसे लगातार प्रताड़ित करने लगा। आरोप है कि वह पैसे वापस करने के बदले महिला पर संबंध बनाने का दबाव बना रहा था और उसे ब्लैकमेल भी कर रहा था। जांच में सामने आया कि 19 मार्च 2026 को आरोपी महिला के घर पहुंचा और कथित तौर पर उसे जबरन घर के पीछे बाड़ी की ओर ले जाकर दुष्कर्म किया। घटना के बाद किसी को जानकारी देने पर महिला और उसके परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी गई। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक राखेचा ने आरोपी की गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश श्रीश्रीमाल और एसडीओपी शेरबहादुर सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित कर आरोपी की तलाश की जा रही थी। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस को पता चला कि आरोपी मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के कोहका थाना क्षेत्र के ग्राम कामखेड़ा में छिपा हुआ है। इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया। विधिवत कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। ईएमएस(राकेश गुप्ता)12 जून 2026