गौरेला-पेंड्रा-मरवाही(ईएमएस)। जिले के मरवाही थाना क्षेत्र अंतर्गत सोन नदी में बने एनीकट के पास शुक्रवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसा ग्रामीणों ने नदी के एनीकट किनारे एक शव को पानी में तैरता हुआ देखा, जिसके बाद तुरंत मरवाही थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को नदी से बाहर निकलवाया और पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में मृतक की उम्र लगभग 35 से 40 वर्ष के बीच बताई जा रही है। शव की अब तक पहचान नहीं हो सकी है, क्योंकि उसके पास से कोई पहचान पत्र, मोबाइल फोन या अन्य सामान बरामद नहीं हुआ है। पुलिस के अनुसार, मृतक के चेहरे पर खून के निशान पाए गए हैं, जिससे मामले को संदिग्ध माना जा रहा है। वहीं, उसके सीने पर “जय श्री राम” का गोदना (टैटू) बना हुआ है, जो पहचान का एक संभावित सुराग माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। मरवाही थाना प्रभारी ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति के लापता होने की जानकारी हो या शव की पहचान से जुड़ी कोई सूचना मिले तो तुरंत थाना या जिला पुलिस कंट्रोल रूम से संपर्क करें। सत्यप्रकाश(ईएमएस)12 जून 2026