- पीएसएससीआईवीई में 10 दिवसीय समर कैंप का समापन भोपाल(ईएमएस)। पंडित सुंदरलाल शर्मा केंद्रीय व्यावसायिक शिक्षा संस्थान (पीएसएससीआईवीई), एनसीईआरटी, भोपाल में आयोजित 10 दिवसीय समर कैंप का शुक्रवार को समापन समारोह संपन्न हुआ। समापन अवसर पर विद्यार्थियों ने समर कैंप के दौरान अपने अधिगम की यात्रा, अर्जित कौशलों एवं अनुभवों को प्रस्तुतियों, चार्ट्स, मॉडलों तथा प्रदर्शन गतिविधियों के माध्यम से प्रदर्शित किया। इन प्रस्तुतियों में विद्यार्थियों की रचनात्मकता, नवाचार क्षमता तथा विभिन्न व्यावसायिक क्षेत्रों के प्रति विकसित समझ स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुई। समर कैंप के दौरान विद्यार्थियों ने ड्रोन प्रौद्योगिकी, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, उद्यमिता, वित्तीय साक्षरता, पर्यटन एवं आतिथ्य, कृषि एवं पशुपालन, रिटेल प्रबंधन तथा अन्य कौशल आधारित गतिविधियों से प्राप्त अपने अनुभव एवं प्रमुख सीखों को साझा किया। विद्यार्थियों ने बताया कि शिविर के माध्यम से उन्हें व्यवहारिक अधिगम, समस्या-समाधान, टीम वर्क, संचार कौशल तथा जीवनोपयोगी दक्षताओं को समझने का अवसर मिला। उन्होंने यह संकल्प भी व्यक्त किया कि वे समर कैंप में प्राप्त ज्ञान एवं अनुभवों को अपने सहपाठियों, मित्रों एवं परिवार के सदस्यों के साथ साझा करेंगे तथा कौशल आधारित एवं आजीवन अधिगम की भावना को आगे बढ़ाएंगे। समापन सत्र में डॉ. दीपक पालीवाल, संयुक्त निदेशक, पीएसएससीआईवीई ने विद्यार्थियों को सफलतापूर्वक समर कैंप पूर्ण करने पर बधाई दी। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर सीखने, जिज्ञासु बने रहने तथा जीवन में नवीन अवसरों की खोज करते रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि कौशल आधारित एवं अनुभवात्मक अधिगम विद्यार्थियों के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है तथा उन्हें भविष्य की चुनौतियों एवं अवसरों के लिए तैयार करता है। उन्होंने विद्यार्थियों को “माय करियर एडवाइजर ऐप” की उपयोगिता के बारे में भी जानकारी दी तथा अपनी रुचि एवं क्षमताओं के अनुरूप करियर विकल्पों का चयन करने के लिए प्रेरित किया। समापन समारोह के दौरान प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। प्रमाण-पत्र वितरण डॉ. दीपक पालीवाल, प्रो. पंकज मेहता, प्रो. शैलजा दीक्षित, डॉ. रवि आहूजा एवं डॉ. संगमेश हुगर द्वारा किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों के उत्साह, समर्पण एवं सक्रिय सहभागिता की सराहना की गई। समर कैंप की संकल्पना एवं आयोजन संस्थान के संयुक्त निदेशक डॉ. दीपक पालीवाल के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में किया गया। समर कैंप का सफल समन्वय एवं संचालन प्रो. पंकज मेहता, डॉ. रवि आहूजा एवं डॉ. संगमेश हुगर द्वारा किया गया। शिविर के सफल आयोजन में संस्थान के सभी संकाय सदस्यों का सक्रिय सहयोग एवं मार्गदर्शन प्राप्त हुआ, जिसके परिणामस्वरूप विद्यार्थियों को विविध व्यावसायिक क्षेत्रों से संबंधित समृद्ध व्यवहारिक अनुभव प्राप्त हुए। हरित कौशल, जल संरक्षण एवं सतत विकास पर विशेष सत्र समापन समारोह से पूर्व विद्यार्थियों के लिए पर्यावरण शिक्षा एवं हरित कौशल (ग्रीन स्किल्स) विषयक विशेष सत्र आयोजित किया गया, जिसका संचालन प्रो. पंकज मेहता, प्रोफेसर, पर्यावरण शिक्षा, पीएसएससीआईवीई द्वारा किया गया। सत्र के दौरान संस्थान परिसर में स्थापित इंटरनेट ऑफ थिंग्स (आईओटी) आधारित ड्रिप सिंचाई प्रणाली का प्रदर्शन किया गया तथा विद्यार्थियों को इसके घटकों, कार्यप्रणाली एवं जल संरक्षण में इसकी उपयोगिता से अवगत कराया गया। इसके साथ ही जल गुणवत्ता परीक्षण एवं सतत विकास के लिए हरित कौशलों के महत्व पर व्याख्यान-सह-प्रदर्शन आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने जल संरक्षण, पर्यावरणीय निगरानी, नवीकरणीय संसाधनों एवं सतत जीवनशैली से संबंधित विषयों पर सक्रिय सहभागिता की। हरि प्रसाद पाल / 12 जून 2026