क्षेत्रीय
12-Jun-2026
...


देवास (ईएमएस)। मप्र के खंडवा में जन्मे महान गायक, अभिनेता, लेखक एवं फिल्म निर्देशक किशोर कुमार को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित किए जाने की मांग को लेकर देवास में एक महत्वपूर्ण पहल की गई। इस संबंध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रतिनिधि एवं देवास-शाजापुर संसदीय क्षेत्र के सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी को निवेदन पत्र सौंपा गया। अंदाज़-ए-किशोर संस्था के प्रमुख ठाकुर विजय बहादुर सिंह राठौड़ आभास ने सांसद सोलंकी से आग्रह किया कि वे इस मांग को प्रधानमंत्री तक पहुंचाने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि किशोर कुमार ने अपनी बहुमुखी प्रतिभा के बल पर गीत-संगीत, अभिनय, लेखन एवं फिल्म निर्देशन के क्षेत्र में विश्व स्तर पर एक विशिष्ट पहचान बनाई। उनका मानना है कि किशोर कुमार जैसा हरफनमौला कलाकार न पहले हुआ और न ही भविष्य में होना आसान है। जानकारी के अनुसार, यह अभियान देवभूमि उत्तराखंड के नवीन म्यूजिकल ग्रुप के नवीन कुमार द्वारा प्रारंभ किया गया है, जिसे देवास की सांस्कृतिक संस्था अंदाज़-ए-किशोर का समर्थन प्राप्त है। वर्ष 1986 से किशोर कुमार के गीतों का गायन कर रहे ठाकुर विजय बहादुर सिंह राठौड़ आभास अनेक हॉल शो प्रस्तुत कर चुके हैं तथा कई गायन संबंधी विश्व रिकॉड्र्स में भी अपना नाम दर्ज करा चुके हैं। उन्होंने कहा कि देश-विदेश में फैले करोड़ों किशोर प्रेमियों की भावना है कि संगीत जगत के इस अमूल्य रत्न को भारत सरकार द्वारा मरणोपरांत भारत रत्न सम्मान प्रदान कर गौरवान्वित किया जाए। ईएमएस/ मोहने/ 12 जून 2026