नर्मदापुरम(ईएमएस)। नर्मदापुरम की माटी का हुनर और यहाँ की खूबसूरत वादियाँ अब बड़े पर्दे पर इतिहास रचने को तैयार हैं। बहुप्रतीक्षित फिल्म द नर्मदा स्टोरी आज 12 जून को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई हैं। गुरुवार को आयोजित एक भव्य पत्रकार वार्ता में फिल्म के शरद सिंह जिनका फ़िल्म में मुख्य किरदार है, उन्होंने इससे जुड़ी कई दिलचस्प और भावुक कर देने वाली जानकारियाँ साझा कीं। फिल्म की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसकी संपूर्ण शूटिंग नर्मदापुरम के वास्तविक और खूबसूरत घाटों व वादियों में की गई है। साथ ही, फिल्म में नजर आने वाले कई कलाकार भी इसी माटी से ताल्लुक रखते हैं। इस विशेष मौके पर फिल्म के स्थानीय कलाकार शरद सिंह भी मौजूद रहे। लोकल टैलेंट और लोकेशंस को मिला बड़ा मंच पत्रकार वार्ता के दौरान नर्मदापुरम के अभिनेता शरद सिंह ने बताया कि द नर्मदा स्टोरी का उद्देश्य न केवल एक बेहतरीन और झकझोर देने वाली कहानी को दर्शकों तक पहुंचाना है, बल्कि नर्मदापुरम की छिपी हुई अभिनय प्रतिभाओं और यहाँ के विहंगम दृश्यों को बड़े पर्दे पर जीवंत करना भी है। नर्मदा नदी के परिवेश और यहाँ के सामाजिक ताने-बाने के इर्द-गिर्द बुनी गई इस कहानी को लेकर शहर के कला प्रेमियों और आम जनता में खासा उत्साह देखा जा रहा है। फिल्म का सबसे बड़ा आकर्षण मध्य प्रदेश कैडर की असली IPS अधिकारी सिमाला प्रसाद हैं, जिन्होंने इस फिल्म में सब-इंस्पेक्टर नर्मदा रायकवार का मुख्य और बेहद दमदार किरदार निभाया है। उनके साथ दिग्गज अभिनेता रघुवीर यादव नंदकिशोर रायकवार की एक सशक्त भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म में अश्विनी कालसेकर अग्नि धुर्वे नाम की एक आदिवासी महिला का मुख्य किरदार निभा रही हैं, जो अपनी बेटी को बचाने के लिए पूरी व्यवस्था से अकेले लड़ जाती है। राजीव अग्रवाल १२ जून २०२६