12-Jun-2026
...


नर्मदापुरम (ईएमएस)। बारिश के पूर्व नगर पालिका प्रशासन द्वारा नगर के नाले नालियों का सफाई अभियान जारी है। नगरपालिका अध्यक्ष नीतू महेंद्र यादव द्वारा वार्ड क्रमांक 17 में स्थित नारायण नगर नाले का निरीक्षण किया गया था। जहां भारी मात्रा नाले में ऊगी झाड़ियों से पानी के बहाव में रुकावट आ रही थी। नाला गहरा होने के कारण छोटी पोकलेन चल नहीं पा रही है। उन्होंने नगरपालिका की स्वच्छता टीम को निर्देशित कर बड़ी पोकलेन की व्यवस्था कर नाले की सफाई के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान पार्षद सभापति महिमा रोहित गौर, सुरेश श्रीवास और राहुल चौरे भी उपस्थित थे। स्वच्छता निरीक्षक कमलेश तिवारी ने बताया कि नपाध्यक्ष नीतू महेंद्र यादव एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारी हेमेश्वरी पटले के निर्देश पर नगर में वर्षा पूर्व बड़े नाले नालियों का सफाई अभियान जारी है। साथ ही नाले नालियों पर किए गए अतिक्रमण को भी हटाया जा रहा है। शुक्रवार को नपाध्यक्ष श्रीमती यादव द्वारा नारायण नाले में चल रही बड़ी पोकलेन के कार्य का निरीक्षण किया। नाले में जमा गाद को भी निकालने के निर्देश दिए। उन्होंने पानी के बहाव का भी जायजा लिया। साथ ही आसपास के लोगों को निर्देशित किया गया कि किसी भी तरह का कचरा नाले नालियों में न डालें। कचरा, कचरा वाहन आने पर ही उसी में डालें। शुक्रवार को बड़ी पोकलेन से करीब 8 ट्राली से अधिक कचरा निकाला गया। राजीव अग्रवाल,१२ जून २०२६