12-Jun-2026
...


- 7 मिनट के ध्यान और मंत्रोच्चार से तनावमुक्ति का गुर सिखाया, शिक्षकों व विद्यार्थियों ने लिया भाग इंदौर (ईएमएस)। विद्यार्थियों और शिक्षकों को मानसिक तनाव व चिंता से मुक्त करने के लिए स्नेह नगर स्थित अग्रसेन विद्यालय में ‘रामामृतम’ साधना शिविर का आयोजन किया गया। सीबीएसई के दिशा-निर्देशानुसार आयोजित इस शिविर का उद्देश्य शिक्षक-अभिभावक समन्वय को बढ़ावा देना भी था। शिविर में मुख्य प्रशिक्षक मनीष बोहरा ने सहयोगियों के साथ मात्र 7 मिनट के ध्यान और मंत्रोच्चार से शरीर के सात चक्रों को संतुलित करने की विधि का व्यावहारिक प्रदर्शन किया। बोहरा ने शिक्षकों की शंकाओं का समाधान करते हुए बताया कि आधुनिक जीवनशैली में दैनिक रूप से किया गया संक्षिप्त ध्यान भी मानसिक एकाग्रता बढ़ाने और तनाव कम करने में बेहद प्रभावी है। अग्रसेन चैरिटेबल ट्रस्ट के पदाधिकारी सचिव राम ऐरन और मंत्री महेश सांघी की उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम के प्रारंभ में प्राचार्या मीनल सोले ने रूपरेखा रखी। संचालन शिक्षिका अर्चना परिक ने किया। अंत में ट्रस्ट अध्यक्ष रसनिधि कुमार गुप्ता ने आभार माना। इस दौरान बड़ी संख्या में शिक्षिकाएं व स्टाफ मौजूद था। प्रकाश/12 जून 2026