- रेडक्रॉस सोसाइटी, ब्लड कॉल सेंटर और दामोदर युवा संगठन का संयुक्त आयोजन; कलेक्टर होंगे मुख्य अतिथि इंदौर (ईएमएस)। स्वच्छता, अंगदान और देहदान की तरह अब रक्तदान के क्षेत्र में भी इंदौर को देश में अग्रणी बनाने के प्रयास शुरू हो गए हैं। इसी कड़ी में विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर रविवार (14 जून) को शहर के 251 नियमित और 51 महिला रक्तदाताओं के लिए एक विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया जा रहा है। भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी के तत्वावधान में होने वाले इस कार्यक्रम की मेजबानी दामोदर युवा संगठन और देश का पहला निःशुल्क ब्लड कॉल सेंटर संयुक्त रूप से कर रहे हैं। गंगवाल बस स्टैंड के पास, एमओजी लाइन्स स्थित रेडक्रॉस परिसर में आयोजित होने वाले इस समारोह के मुख्य अतिथि कलेक्टर एवं रेडक्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष शिवम वर्मा होंगे। कार्यक्रम में समाजसेवी वीरेंद्र गुप्ता, राजकुमार साबू, योगेंद्र महंत, महेंद्र सुराणा सहित शहर के प्रमुख चिकित्सक, जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल होंगे। समारोह के दौरान सैकड़ों नागरिकों को नियमित रक्तदान करने का संकल्प भी दिलाया जाएगा। :: हर महीने 1500 जरूरतमंदों को मिल रहा रक्त :: ब्लड कॉल सेंटर के संचालक अशोक नायक, समाजसेवी अशोक गोयल और हरि अग्रवाल ने बताया कि इस निःशुल्क कॉल सेंटर के माध्यम से इंदौर में वर्तमान में प्रतिदिन 50 से 60 और हर महीने 1200 से 1500 जरूरतमंदों को उनकी आवश्यकता के अनुसार रक्त उपलब्ध कराया जा रहा है। अब तक इस अभियान के माध्यम से औसतन 3.30 लाख से अधिक लोग रक्तदान कर चुके हैं, जो शहर के लिए एक बड़ा कीर्तिमान है। :: जागरूकता बढ़ाना है मुख्य उद्देश्य :: आयोजकों के अनुसार, रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प नहीं है, इसे केवल स्वैच्छिक दान के जरिए ही हासिल किया जा सकता है। ऐसे में निःस्वार्थ भाव से पीड़ित मानवता की सेवा कर रहे नियमित रक्तदाताओं और महिलाओं को सम्मानित करने के पीछे मुख्य उद्देश्य समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना और नए दाताओं को प्रेरित करना है। प्रकाश/12 जून 2026