- भागकर आये नाती ने परिवार वालो से कहा “पापा ने मम्मी को मार डाला” भोपाल(ईएमएस)। नये शहर के कोलार थाना इलाके में स्थित बंजारा बस्ती में रहने वाली एक विवाहिता की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। घटना के बाद मायके पक्ष ने महिला के पति पर हत्या का आरोप लगाया है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर आगे की जांच शुरू कर दी है। जॉच टीम का कहना है की पीएम रिपोर्ट आने के बाद मौत ही मौत का सही कारण साफ हो सकेगा, जिसके आधार पर ही परिवार द्वारा लगाये गये आरोपो की जॉच की जायेगी। मिली जानकारी के मुताबिक मृतका बबीता अहिरवार (30) की शादी 9 साल पहले वेल्डिंग का काम करने वाले सुनील अहिरवार से हुई थी। बबीता घरेलू महिला था, परिवार में दो बच्चे हैं, जिनमें 7 साल का बेटा समर्थ और 4 साल की बेटी है। मृतका के पिता हरनाम सिंह का कहना है कि गुरुवार रात करीब 8 बजे उनका 7 साल का नाती समर्थ दौड़ता हुआ उनके घर आया और बोला की पापा ने मम्मी को मार दिया है। उसकी बात सुनकर परिवार वाले बुरी तरह घबरा गये और तुरंत ही दौड़कर बबीता के घर पहुंचे, जहां वह जमीन पर बेसूध पड़ी नजर आई। परिजनों का कहना है कि मौके पर बबीता की चूड़ियां टूटी हुई पड़ी थीं, साथ ही उसके हाथ पर चोट के निशान थे, और गले पर उंगलियों जैसे निशान नजर आ रहे थे। पिता का आरोप है कि उसकी गला दबाकर हत्या की गई है। परिजनों का कहना है की बबीता का पति सुनील अहिरवार शराब पीने का आदी है। वह अक्सर शराब के नशे में घर आता था, जिसका बबीता विरोध करती थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच आए दिन विवाद होता था। घटना वाली रात भी पति शराब पीकर घर लौटा था और दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। सूचना मिलने पर पहुचीं पुलिस का कहना है की विवाहिता की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है। मर्ग कायम कर घटनास्थल की जांच के बाद शव को पीएम के लिये भेजा गया हैं। परिजनों सहित आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। वहीं पुलिस बच्चों और परिवार के अन्य सदस्यों से मिली जानकारी के आधार पर यह जानकारी जुटा रही है, कि घटना के समय घर में क्या हुआ था। जुनेद / 12 जून