बंगाल में सीमा पर अद्भुत नज़ारा। बांग्लादेशी घुसपैठिए और रोहिंग्या या तो स्वेच्छा से लौट रहे या उन्हें अवैध दस्तावेज़ के कारण भेजा जा रहा। टीएमसी सरकार द्वारा उन्हें दस्तावेज़ बनाकर बसाए जाने के प्रकरण सामने आने लगे। रोहिंग्या, घुसपैठिए, थे दीदी की जान। इनके हटते पड़ गए, फीके सब पकवान॥ बंगाल में टीएमसी के नेता सत्ता बदलते ही कट-मनी लौटा रहे! रिश्वतख़ोरी के मामले आ रहे सामने। पाप-कमाई कट मनी, समझ गए वे आज। जनता चाहे दे बदल, ऐसे सभी रिवाज॥ कॉकरोच जनता पार्टी का दिल्ली में जंतर-मंतर पर पेपर लीक प्रकरण के कारण शिक्षा-मंत्री प्रधान के इस्तीफे की माँग को लेकर 5 घंटे प्रदर्शन। तिलचट्टों पर कीजिए, बेशक हिट से वार । पर्चे आउट पर करें, पहले आप प्रहार॥ ट्रंप सुबह सुबह ईरान को धमकी देते हैं, और शाम को कहते हैं कि डील हो गई है, जिसे ईरान तुरंत नकार देता है। दावे अंकल सैम के, निकले सब बेकार। मिला नहीं यूरेनियम, खुले न होर्मुज द्वार॥ टीएमसी नेता कल्याण बनर्जी ने बगावती तेवर दिखाते हुए कहा कि दीदी को दो में से एक चुनना होगा... या तो दल में मुझे रखें या अभिषेक को! उधर दीदी सोनिया से और अभिषेक राहुल गांधी से मिले। टीएमसी के कांग्रेस में विलय की अटकलें तेज़ हुईं। साँप-छछूंदर सा हुआ, अब दीदी का हाल। बिना मिले कांग्रेस में, नहीं गलेगी दाल॥ ईएमएस/ओम वर्मा /13जून2026