क्षेत्रीय
13-Jun-2026
...


गुना (ईएमएस)। शहर के शीतला माता मंदिर के पास स्थित पुलिया पर शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात एक अनियंत्रित ऑटो रपटे के नीचे जा गिरा। हादसा सडक़ पर अचानक सामने आई गाय को बचाने के प्रयास में हुआ। दुर्घटना में ऑटो चालक को चोटें आई हैं, हालांकि गनीमत यह रही कि घटना के वक्त ऑटो में सवारियां नहीं बैठी थीं, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया। प्रत्यक्षदर्शी पिपरौदा निवासी कृष्णपाल सिंह ने बताया कि रात करीब 12 बजे वे रपटे की तरफ से गुजर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने देखा कि पुलिया पर एक तरफ गाय खड़ी हुई थी, जबकि दूसरी तरफ की पुलिया पहले से ही टूटी पड़ी थी। अंधेरा होने के कारण ऑटो चालक जैसे ही वहां पहुंचा, तो सामने खड़ी गाय को बचाने के चक्कर में उसका वाहन पर से नियंत्रण खो गया। संतुलन बिगड़ते ही ऑटो सीधे पुलिया के नीचे रपटे में जा गिरा। रात के सन्नाटे में हुए इस हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद ऑटो चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में चालक को शारीरिक चोटें आई हैं, जिसका उपचार कराया जा रहा है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि टूटी हुई पुलिया और आवारा मवेशियों के कारण यहां आए दिन दुर्घटनाओं का अंदेशा बना रहता है, जिसके लिए प्रशासन को समय रहते पुख्ता इंतजाम करने चाहिए।-सीताराम नाटानी