- छह महीने के लिए लागू हुआ प्रतिबंध, खाताधारक केवल 1 लाख रुपये तक ही निकाल सकेंगे मुंबई (ईएमएस)। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने मुंबई के मोगावीरा सहकारी बैंक की गंभीर होती वित्तीय स्थिति पर कड़े प्रतिबंध लगा दिए हैं। इन निर्देशों के तहत अब कोई भी खाताधारक अपने विभिन्न खातों से अधिकतम 1 लाख रुपये तक ही निकाल पाएगा। यह कदम ग्राहकों के हितों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है। आरबीआई का यह आदेश शुक्रवार को बैंकिंग कार्य समाप्त होने के बाद से लागू हो गया है और अगले छह महीने तक प्रभावी रहेगा, जिसकी केंद्रीय बैंक समय-समय पर समीक्षा करेगा। केंद्रीय बैंक ने स्पष्ट किया कि बैंक की बिगड़ती वित्तीय स्थिति के कारण यह कदम उठाना पड़ा है। आरबीआई लगातार मोगावीरा बैंक के बोर्ड और वरिष्ठ प्रबंधन के संपर्क में था ताकि कमियों को दूर कर खाताधारकों के पैसों की रक्षा की जा सके, लेकिन बैंक ने कोई ठोस प्रयास नहीं किए। जमाकर्ताओं के हितों को सुरक्षित रखने के लिए अंततः आरबीआई को यह सख्त कार्रवाई करनी पड़ी। इस अवधि में बैंक नए ऋण जारी नहीं कर सकेगा और न ही कोई नया निवेश कर पाएगा। सतीश मोरे/13जून ---