राज्य
13-Jun-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश और राजस्थान सहित कई राज्यों में बारिश, तेज आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। वहीं केरल सहित कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर, यूपी और बिहार सहित कई राज्यों में आज आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। आईएमडी के अनुसार दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में तेज आंधी, बिजली गिरने और 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में भारी बारिश का भी अनुमान है। आज सुबह दिल्ली-एनसीआर के कई हिस्सों में बारिश हुई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली और मौसम सुहावना हुआ।दिल्ली में आज बारिश और आंधी को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। बिजली गिरने और आंधी-तूफान की भी चेतावनी दी गई है। आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने यूपी के नोएडा, गाजियाबाद और प्रयागराज सहित जिलों में आंधी-तूफान, बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। वाराणसी सहित कई जिलों में 80 किमी प्रति घंटे का रफ्तार से तेज आंधी चलने की चेतावनी जारी की गई है। वही एटा और मैनपुरी सहित कई जिलों में भीषण आंधी चलने की संभावना जताई गई है। उत्तराखंड के नैनीताल, चमोली, पिथौरागढ़ सहित कई जिलों में आज आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं मंडी,शिमला और सोलन सहित कई जिलों में आंधी के साथ बारिश के आसार हैं। इन राज्यों के कुछ जिलों में हल्की ओलावृष्टि के भी आसार हैं। असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी लगातार भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के कई इलाकों में बारिश जारी रहने का अनुमान है। केरल में कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/13/ जून /2026