राज्य
13-Jun-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। मौसम विभाग के अलर्ट के अनुसार गरज-चमक के साथ दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में बारिश हो रही है। इससे भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली है। आईएमडी ने दिल्ली-एनसीआर समेत हरियाणा, पश्चिमी यूपी और राजस्थान के कई जिलों के लिए बारिश की चेतावनी जारी की थी। दिल्ली-एनसीआर में मौसम विभाग के अलर्ट के मुताबिक तेज हवा के साथ जमकर बारिश हुई है। झमाझम बारिश से भीषण गर्मी के बीच मौसम सुहाना हो गया है। बता दें कि भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दिल्ली-एनसीआर समेत हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कई जिलों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया था। दिल्ली में शुक्रवार को दिन में भी बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे यह जून का अब तक का सबसे ठंडा दिन रहा। वहीं, आईएमडी ने शनिवार तक गरज-चमक, बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है। आईएमडी ने बताया कि इस दौरान 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं कई स्थानों पर बिजली गिरने का भी अनुमान जताया गया है। साथ ही खराब मौसम को देखते हुए लोगों को खुले स्थानों, पेड़ों और कमजोर इमारतों से दूर रहने की सलाह जारी की गई है। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/13/ जून /2026