राज्य
13-Jun-2026


नोएडा (ईएमएस)। ग्रेटर नोएडा स्थित जीएसटी विभाग के ऑफिस में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब विभागीय समीक्षा बैठक के दौरान नोएडा जोन के डिप्टी कमिश्नर वेद प्रकाश सिंह की अचानक तबीयत बिगड़ गई। जानकारी के अनुसार, एडिशनल कमिश्नर संदीप भागिया की अध्यक्षता में यह बैठक चल रही थी। इसी दौरान वेद प्रकाश सिंह असहज महसूस करने लगे। कुछ देर बाद वह बेहोश हो गए और उनको हार्ट अटैक आ गया। हार्ट अटैक आने के तुरंत बाद बैठक में मौजूद अधिकारी और कर्मचारी डिप्टी कमिश्नर वेद प्रकाश सिंह को ग्रेटर नोएडा के कैलाश अस्पताल लेकर गए। अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। विभागीय सूत्रों के अनुसार, उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने के कारण बैठक को बीच में ही खत्म करना पड़ा। घटना के बाद विभाग के कई अधिकारी अस्पताल पहुंचे और उनका हाल-चाल जाना। एडिशनल कमिश्नर संदीप भागिया ने बताया कि शुक्रवार को आयोजित बैठक नियमित प्रशासनिक समीक्षा के लिए बुलाई गई थी। उन्होंने कहा कि डिप्टी कमिश्नर वेद प्रकाश सिंह पहले से ही स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे। बैठक के दौरान उनकी तबीयत अचानक खराब हो गई, जिसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल भेजा गया। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/13/ जून /2026