झांसी (ईएमएस)। जनपद में अपराध नियंत्रण और साइबर अपराध के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के चलते झांसी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) बीबीजीटीएस मूर्ति और आईपीएस अधिकारी अरीबा नोमान को एडीजी कानपुर जोन अनुपम कुलश्रेष्ठ द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस उपलब्धि से पुलिस विभाग के साथ-साथ झांसी की जनता में भी खुशी का माहौल है। झांसी एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति के नेतृत्व में जिले में अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। विशेष रूप से साइबर अपराध, महिला उत्पीड़न ,जुआ, सट्टा, और संगठित अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा की जा रही कार्रवाई को सराहा जा रहा है। एडीजी कानपुर जोन अनुपम कुलश्रेष्ठ ने पुलिस अधिकारियों के उत्कृष्ट कार्यों की प्रशंसा करते हुए उन्हें सम्मानित किया। हर साइबर अपराधियों पर सख्त नजर इस सम्मान के पीछे थाना प्रेमनगर पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। प्रेमनगर पुलिस ने हाल ही में एक अंतरराज्यीय साइबर फ्रॉड और ऑनलाइन गेमिंग आधारित संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गिरोह के सात अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। आरोपियों के कब्जे से साइबर अपराध में प्रयुक्त आठ मोबाइल फोन, एक सिम कार्ड, चार एटीएम कार्ड, चेक बुक सहित कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए गए थे। जांच के दौरान डिजिटल उपकरणों से साइबर फ्रॉड, बैंक खातों के दुरुपयोग, यूपीआई लेनदेन, फर्जी आईडी निर्माण, नेट बैंकिंग संचालन तथा यूएसडीटी लेनदेन से संबंधित महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य भी मिले थे। इन साक्ष्यों के आधार पर थाना प्रेमनगर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की थी। एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ ने साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और त्वरित कार्रवाई के लिए आईपीएस अरीबा नोमान को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। वहीं, एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने इस उल्लेखनीय कार्रवाई के लिए थाना प्रेमनगर में तैनात उपनिरीक्षक रविकांत शुक्ला की सराहना करते हुए उन्हें 25 हजार रुपये के नकद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र देने की घोषणा की थी। - शरद शिवहरे /ईएमएस /13जून