क्षेत्रीय
13-Jun-2026
...


धार (ईएमएस)। नगर के प्रतिष्ठित समाजसेवी एवं रेल लाओ महासमिति के अध्यक्ष श्री पवन जैन गंगवाल को सामाजिक, धार्मिक एवं जनहित के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय कार्यों के लिए रोटरी क्लब धार द्वारा पिछले दिनों आयोजित सम्मान समारोह में ‘धार रत्न’ उपाधि से सम्मानित किया गया। यह सम्मान रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3040 के गवर्नर श्री सुशील मेहरोत्रा द्वारा प्रदान किया गया। श्री पवन जैन गंगवाल को धार जिले में रेल सुविधा के लिए सतत प्रयास, राष्ट्रीय पर्वों पर झंडा वंदन एवं जनजागरण कार्यक्रमों का सफल आयोजन, तीन प्राचीन मंदिरों के जीर्णोद्धार तथा विभिन्न मानव कल्याणकारी गतिविधियों में उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर नगर में हर्ष का वातावरण है। आनंद चौपाटी परिवार द्वारा भी श्री गंगवाल का नागरिक अभिनंदन किया गया। इसके अतिरिक्त धार व्यापारी संघ, रेल लाओ महासमिति एवं विभिन्न सामाजिक, धार्मिक तथा व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारियों ने उन्हें शुभकामनाएं एवं बधाई प्रेषित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। श्री गंगवाल ने इस सम्मान का श्रेय अपने सहयोगियों, सामाजिक संगठनों एवं नगरवासियों को देते हुए कहा कि वे भविष्य में भी समाज एवं नगरहित के कार्यों के लिए निरंतर समर्पित रहेंगे। उपरोक्त जानकारी सेमी होलसेल व्यापारी महासंघ के मीडिया प्रभारी श्री गौरव जैन द्वारा प्रदान की गई। .../ 13 जून /2026