राज्य
13-Jun-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। नालों व सड़कों के निर्माण के समय अब बिजली-पानी की आपूर्ति बाधित नहीं होगी । अक्सर एजेंसियों के बीच तालमेल नहीं होने के कारण निर्माण कार्य के समय पाइपलाइन व अन्य नेटवर्क के क्षतिग्रस्त होने से आवश्यक सेवा बाधित हो जाती है। इसके समाधान के लिए लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने सार्वजनिक उपयोगिता सेवा को स्थानांतरित करने के लिए मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) जारी किया है। इसका उद्देश्य आवश्यक सेवा में कोई रुकावट न आने देना और सरकारी एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल बनाने के साथ ही परियोजना में होने वाली देरी को कम करना है। इन दिशा निर्देश के नाले व सड़क परियोजना के प्लानिंग के चरण से ही इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड, बीएसईएस, दिल्ली जल बोर्ड जैसी एजेंसियों को बैठकों में शामिल किया जाना जरूरी होगा। यहां बता दें दिल्ली में सड़कों की नई परियोजनाओं का काम समय समय पर चलता रहता है। जलभराव की समस्या को देखते हुए बड़े स्तर पर नालों का निर्माण कार्य भी चल रहा है और कई पर शुरू होने वाला है। अधिकतर मामलों में समस्या बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने वाली विभिन्न एजेंसियोंं की लाइन आ जाने को लेकर है। कहीं जल बोर्ड की लाइन आ रही है तो कहीं बिजली की लाइन गुजर रही है। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/13/ जून /2026