राज्य
13-Jun-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। पूर्वी जिला पुलिस की स्पेशल स्टाफ टीम ने चोरी के मोबाइल फोन खरीदकर उन्हें अनलॉक कर दोबारा बेचने वाले एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान करोल बाग स्थित गफ्फार मार्केट से दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से 45 एंड्रॉयड मोबाइल फोन, 22 मोबाइल फोन बॉडी, एक लैपटॉप और मोबाइल की सुरक्षा प्रणाली को बायपास करने वाला चीनी एएमपी टूल बरामद किया है। डीसीपी पूर्वी दिल्ली राजीव कुमार के अनुसार मोबाइल चोरी के मामलों की जांच के दौरान सूचना मिली थी कि गफ्फार मार्केट में कुछ लोग चोरी के मोबाइल खरीदकर विशेष सॉफ्टवेयर की मदद से उनके लॉक और सुरक्षा फीचर हटाकर दोबारा बाजार में बेच रहे हैं। सूचना के आधार पर स्पेशल स्टाफ की टीम ने करोल बाग के बीडन पुरा स्थित “केजीएन सॉफ्टवेयर एंड मोबाइल रिपेयरिंग इंस्टीट्यूट” पर छापा मारा। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/13/ जून /2026