-ट्रंप ने दो टूक कहा- अब युद्ध को खत्म करने का समय आ गया, यह शानदार समझौता वाशिंगटन,(ईएमएस)। ईरान युद्ध को इजराइल सत्ता और परमाणु कार्यक्रम के खिलाफ निर्णायक बनाना चाहता था, उसका अंत अब इजराइल की मर्जी से नहीं बल्कि ट्रंप की डील से होता नजर आ रहा है। अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक ट्रंप ने गुरुवार शाम इजराइली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू को फोन कर दो टूक कहा कि ईरान के साथ समझौता कुछ ही दिनों में साइन होने जा रहा है और अब इस युद्ध को खत्म करने का समय आ गया है। रिपोर्ट के मुताबिक ट्रंप ने नेतन्याहू से कहा कि यही डील है। यह एक शानदार समझौता है। रिपोर्ट के मुताबिक बताया जा रहा है कि जब नेतन्याहू युद्ध में उतरे थे, तब उन्होंने ऐसा अंत नहीं सोचा था। शुरुआत से ही उनका मानना था कि यह युद्ध ईरान में सत्ता परिवर्तन का रास्ता खोल सकता है, लेकिन अब हालात ऐसे बन गए हैं कि इजराइल को बातचीत की मेज से बाहर कर दिया गया है। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि ट्रंप का सोशल मीडिया पोस्ट, जिसमें उन्होंने डील लगभग तय होने की बात कही थी, नेतन्याहू के लिए भी चौंकाने वाला था। यहां तक कि इजराइली अधिकारियों को पहले से इसकी जानकारी नहीं थी। रिपोर्ट के मुताबिक ट्रंप के ऐलान के करीब एक घंटे बाद दोनों नेताओं के बीच फोन पर बातचीत हुई। इस दौरान नेतन्याहू ने ज्यादा विरोध नहीं किया और न ही बहस की। अमेरिकी अधिकारियों का मानना है कि उन्हें समझ आ गया कि अब इस समझौते को रोकना उनके बस की बात नहीं। इजराइली नेतृत्व को डर है कि युद्ध समाप्त होने और समझौते पर हस्ताक्षर होने के बाद ईरान बातचीत को लंबा खींच सकता है, जबकि दूसरी तरफ तेल बेचकर और आर्थिक राहत पाकर खुद को फिर से मजबूत कर लेगा। इजराइल को डर है कि लेबनान में लागू होने वाले युद्धविराम के कारण हिजबुल्लाह के खिलाफ उसकी सैन्य कार्रवाई सीमित हो सकती है। तेल अवीव को आशंका है कि आगे हर बड़े सैन्य कदम पर उसे वॉशिंगटन से सलाह लेनी होगी। रिपोर्ट में कहा गया है कि इस सप्ताह की शुरुआत में नेतन्याहू ईरान के ऊर्जा और बुनियादी ढांचे पर बड़े हमलों की तैयारी कर चुके थे, लेकिन आखिरी समय में ट्रंप ने उन्हें रोक दिया। इसके बाद से इजराइल को ट्रंप प्रशासन ने बातचीत प्रक्रिया से बाहर कर दिया है। सिराज/ईएमएस 13जून26