- मौके पर मौत; परिजनों ने बिजली विभाग को ठहराया जिम्मेदार गुना (ईएमएस)। जिले में लगातार हो रही बिजली कटौती अब लोगों की जान पर भारी पड़ने लगी है। ताजा मामला मुहालपुर गांव का है, जहां भीषण गर्मी और बार-बार बिजली गुल होने से परेशान एक 35 वर्षीय किसान की छत से गिरकर दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में आक्रोश है। उनका कहना है कि यदि क्षेत्र में लगातार बिजली कटौती नहीं होती तो यह हादसा कभी नहीं होता। जानकारी के अनुसार मुहालपुर निवासी किसान लोकेन्द्र धाकड़ गत रात करीब 10 बजे घर की छत पर सोने के लिए गए थे। परिजनों ने बताया कि क्षेत्र में लगातार बिजली की आंख-मिचौली चल रही थी। उमस और गर्मी से परेशान होकर परिवार के लोग छत पर चले गए थे। इसी दौरान कुछ समय बाद बिजली वापस आ गई। बताया जा रहा है कि लोकेन्द्र छत से नीचे उतर रहे थे, तभी अंधेरे और असावधानी के कारण उनका पैर फिसल गया और वे सीधे नीचे जा गिरे। गिरने से उनके सिर और गर्दन में गंभीर चोटें आईं। परिजन तत्काल मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। बाद में शव को जिला अस्पताल लाया गया, जहां पोस्टमार्टम की कार्रवाई कर शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक अपने पीछे दो मासूम बेटियों, वृद्ध माता-पिता और परिवार को छोड़ गए हैं। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। वहीं परिजनों ने बिजली व्यवस्था पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि क्षेत्र में आए दिन घंटों बिजली बंद रहती है। गर्मी के इस मौसम में लोग मजबूरी में छतों पर सोने को विवश हैं। यदि नियमित बिजली आपूर्ति होती तो लोकेन्द्र को छत पर जाने की जरूरत नहीं पड़ती और यह हादसा टल सकता था। ग्रामीणों ने भी क्षेत्र में हो रही अघोषित बिजली कटौती पर नाराजगी जताते हुए व्यवस्था में सुधार की मांग की है। उनका कहना है कि लगातार बाधित हो रही बिजली आपूर्ति आम लोगों के लिए परेशानी का कारण बन चुकी है और अब इसके गंभीर परिणाम भी सामने आने लगे हैं।