क्षेत्रीय
13-Jun-2026
...


- मोहर्रम पर्व को लेकर पुलिस अधीक्षक ने ली समीक्षा बैठक जबलपुर, (ईएमएस)। आगामी मोहर्रम पर्व के मद्देनजर कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अधीक्षक जबलपुर सम्पत उपाध्याय ने शुक्रवार को पुलिस कंट्रोल रूम में जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों की बैठक ली। उन्होंने निर्देश दिए कि मोहर्रम जुलूस मार्गों का पैदल निरीक्षण कर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। मार्ग में यदि कहीं बिजली अथवा अन्य तार कम ऊंचाई पर हों तो संबंधित विभागों से समन्वय कर उन्हें व्यवस्थित कराया जाए। पूर्व में विवादित रहे स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाए तथा संवेदनशील क्षेत्रों में फिक्स प्वाइंट स्थापित किए जाएं। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री उपाध्याय ने कहा कि आने वाले दिनों में कानून-व्यवस्था की दृष्टि से विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है। थाना स्तर पर आयोजित शांति समिति की बैठकों में प्राप्त सुझावों एवं समस्याओं का संबंधित विभागों से समन्वय कर शीघ्र निराकरण कराया जाए। पुलिस अधीक्षक ने सभी नगर पुलिस अधीक्षकों को अपने-अपने क्षेत्र के एसडीएम तथा थाना प्रभारियों को संबंधित तहसीलदारों के साथ संयुक्त भ्रमण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान असामाजिक एवं अशांति फैलाने वाले तत्व सक्रिय हो सकते हैं, इसलिए ऐसे व्यक्तियों पर सतत निगरानी रखी जाए तथा आवश्यकता अनुसार उनके विरुद्ध प्रभावी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जाए। श्री उपाध्याय ने अधिकारियों को समाज के सभी वर्गों के लोगों से निरंतर संवाद बनाए रखने की सलाह देते हुए कहा कि इससे महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त होंगी, जो शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहायक सिद्ध होंगी। बैठक में पुलिस बल को आवश्यक संसाधनों से सुसज्जित रखने के भी निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि वाहनों में बलवा ड्रिल सामग्री, टियर गैस, टॉर्च एवं वीडियो कैमरा अनिवार्य रूप से उपलब्ध रहें तथा वाहनों का पीए सिस्टम चालू स्थिति में हो। किसी भी छोटी घटना की सूचना मिलने पर तत्काल मौके पर पहुंचकर वैधानिक एवं निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि पुलिस का प्रमुख उद्देश्य मोहर्रम पर्व के दौरान शांति, सौहार्द एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना है तथा इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध जितेन्द्र सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन-2 सुश्री पल्लवी शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सूर्यकांत शर्मा तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अखिलेश तिवारी उपस्थित रहे। - 13 जून 2026/ 04.37