16 जून से ही शुरू होगा नया शैक्षणिक सत्र कोरबा (ईएमएस) छत्तीसगढ़ में विद्यालय खुलने की तारीख को लेकर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा आदेश पूरी तरह फर्जी पाया गया है। स्कूल शिक्षा विभाग ने अधिकृत जानकारी देते हुए स्पष्ट किया है कि राज्य के सभी शासकीय और निजी विद्यालय निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 16 जून से ही संचालित होंगे। विद्यालय खुलने की तिथि में किसी प्रकार का बदलाव नहीं किया गया है। जानकारी के अनुसार हाल ही में लोक शिक्षण संचालनालय (डीपीआई) द्वारा जारी एक आधिकारिक आदेश के बाद सोशल मीडिया पर एक कथित आदेश वायरल होने लगा। वायरल दस्तावेज में भीषण गर्मी का हवाला देते हुए दावा किया गया था कि राज्य के विद्यालय अब 16 जून के बजाय 1 जुलाई से खोले जाएंगे। बताया जा रहा हैं की यह कथित आदेश डीपीआई के मूल पत्र के प्रारूप और शैली से मिलता-जुलता बनाया गया था, जिसके कारण बड़ी संख्या में अभिभावक, विद्यार्थी और शिक्षक भ्रमित हो गए। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और विभिन्न मैसेजिंग ग्रुप्स में यह दस्तावेज तेजी से साझा किया जाने लगा। मामले की जानकारी मिलने पर स्कूल शिक्षा विभाग ने तत्काल स्पष्टीकरण जारी करते हुए कहा कि वायरल हो रहा दस्तावेज पूरी तरह फर्जी और भ्रामक है। विभाग ने स्पष्ट किया कि राज्य में विद्यालय संचालन की निर्धारित तिथि में कोई संशोधन नहीं किया गया है और सभी विद्यालय पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 16 जून से ही खुलेंगे। विभाग ने इस संबंध में सभी संयुक्त संचालकों (जेडी) और जिला शिक्षा अधिकारियों (डीईओ) को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए हैं, ताकि विद्यालयो, विद्यार्थियों और अभिभावकों के बीच किसी प्रकार की भ्रम की स्थिति न बने। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे सही जानकारी का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें। स्कूल शिक्षा विभाग ने आम नागरिकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों से अपील की है कि वे केवल विभाग द्वारा जारी आधिकारिक आदेशों और विश्वसनीय स्रोतों पर ही भरोसा करें। सोशल मीडिया पर प्रसारित किसी भी सूचना को सत्यापित किए बिना साझा न करें और भ्रामक खबरों से सतर्क रहें। गौरतलब है कि हर वर्ष विद्यालय खुलने और अवकाश संबंधी आदेशों को लेकर सोशल मीडिया पर कई प्रकार की अपुष्ट जानकारियां वायरल होती रहती हैं। ऐसे में स्कूल शिक्षा विभाग ने लोगों से आग्रह किया है कि किसी भी महत्वपूर्ण सूचना की पुष्टि आधिकारिक माध्यमों से अवश्य करें। राज्य में नया शैक्षणिक सत्र अब तय कार्यक्रम के अनुसार 16 जून से प्रारंभ होगा और सभी विद्यालयों में नियमित शिक्षण कार्य शुरू किया जाएगा। 13 जून / मित्तल