राज्य
13-Jun-2026


सहरसा, (ईएमएस)। कोशी क्षेत्र के सहरसा, सुपौल और मधेपुरा जिलों में चलाए जा रहे नशा मुक्त कोशी अभियान को लगातार बड़ी सफलता मिल रही है। पुलिस उप-महानिरीक्षक (डीआईजी) कार्यालय, सहरसा द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, नशे के खिलाफ इस मुहिम में आम जनता का अभूतपूर्व सहयोग मिल रहा है। विशेष हेल्पलाइन नंबर पर मिल रही सूचनाओं के आधार पर डीआईजी के सीधे अनुश्रवण में त्वरित कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सूचना देने वालों की पहचान और मोबाइल नंबर पूरी तरह गोपनीय रखे जाते हैं। - एक सप्ताह में भारी बरामदगी, 60 तस्कर गिरफ्तार 6 जून से 12 जून 2026 के बीच चलाए गए विशेष अभियान में पुलिस ने 877.095 लीटर अवैध शराब, 1733.660 किलोग्राम गांजा, 71.9 ग्राम स्मैक, 65.1 लीटर कोडिनयुक्त कफ सिरप और 320 एमएल नशीला इंजेक्शन बरामद किया। इसके साथ ही 4.98 लाख रुपये नकद, 11 मोटरसाइकिल, 2 तिपहिया वाहन, 1 चार पहिया वाहन और 3 मोबाइल फोन भी जब्त किए गए। इस दौरान अवैध शराब के मामलों में 46 तथा सूखे नशे के मामलों में 14 तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। - फरवरी से अब तक 1,223 तस्कर गिरफ्तार फरवरी 2026 में शुरू हुए इस विशेष अभियान के तहत अब तक 43,972.75 लीटर अवैध शराब, 1,805.22 लीटर कफ सिरप, 3,940.785 किलोग्राम गांजा, 3,734.47 ग्राम स्मैक, 3,256 एमएल नशीला इंजेक्शन और 120 नशीली टैबलेट बरामद की जा चुकी हैं। पुलिस ने 6.85 लाख रुपये भारतीय मुद्रा और 27,570 रुपये नेपाली मुद्रा भी जब्त की है। अभियान के दौरान अब तक कुल 1,223 नशा तस्करों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचाया गया है। - डीआईजी की अपील: सूचना दें, पुरस्कार पाएं कोशी क्षेत्र पुलिस ने नागरिकों से नशा कारोबारियों के खिलाफ सूचना देने की अपील की है। हेल्पलाइन नंबर 9060384865 पर कॉल, मैसेज या व्हाट्सऐप के माध्यम से नशा कारोबारियों के नाम, पते और ठिकानों की जानकारी दी जा सकती है। फोटो और वीडियो भी साझा किए जा सकते हैं। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचनाकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी तथा सटीक सूचना देने वालों को डीआईजी द्वारा पुरस्कृत भी किया जाएगा। संतोष झा- १३ जून/२०२६/ईएमएस