रायपुर (ईएमएस)। राजधानी रायपुर के आमानाका थाना पुलिस ने अवैध हथियारों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत त्वरित कार्रवाई करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो सार्वजनिक स्थान पर लोहे की तलवार लहराकर आम लोगों में भय का माहौल बना रहा था। यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) संदीप पटेल के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा एवं सहायक पुलिस आयुक्त देवांश सिंह राठौर के मार्गदर्शन में थाना आमानाका पुलिस टीम द्वारा की गई। पुलिस को 13 जून 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी की पहचान भानू प्रसाद बारले (29 वर्ष), निवासी सोनडोंगरी, थाना कबीर नगर पुराना आमानाका क्षेत्र स्थित डूमर तालाब के पास हाथ में नंगी तलवार लेकर राहगीरों को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 21.5 इंच लंबी लोहे की तलवार (जिसका फल 16.2 इंच है) बरामद की गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत जुर्म दर्ज कर लिया है। - 13 जून 2026