क्षेत्रीय
13-Jun-2026
...


गायत्री शक्ति पीठ में 23 जून को प्रात: 6 बजे से होगा 24 घंटे का अखंड जाप नर्मदापुरम (ईएमएस)। स्थानीय गायत्री शक्ति पीठ, नर्मदापुरम में आगामी गायत्री जयंती और अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के पावन अवसर पर आयोजित होने वाले भव्य कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने हेतु एक विशेष बैठक संपन्न हुई। यह बैठक अखिल विश्व गायत्री परिवार के मध्य प्रदेश जोन के सह-समन्वयक एवं गायत्री शक्ति पीठ के व्यवस्थापक रामचंद्र गायकवाड़ तथा जिला समन्वयक अनुराग मिश्रा की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि गायत्री जयंती के शुभ अवसर पर 23 जून 2026 को प्रात: 6 बजे से 24 घंटे का अखंड गायत्री मंत्र जाप प्रारंभ किया जाएगा। इसके पश्चात, 24 जून 2026 को गायत्री जयंती के मुख्य पर्व पर 5 कुण्डीय भव्य गायत्री महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु आहुति देंगे। इसके साथ ही, अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के वैश्विक अवसर को उत्साहपूर्वक मनाने का संकल्प लिया गया। इस दिन गायत्री शक्ति पीठ परिसर में सभी गायत्री परिजन और नगरवासी एकत्रित होकर सामूहिक योग व प्राणायाम करेंगे। इस महत्वपूर्ण बैठक में व्यवस्थापक रामचंद्र गायकवाड़ जिला समन्वयक अनुराग मिश्रा के साथ गायत्री परिवार के सक्रिय सदस्य उपस्थित रहे, जिनमें मुख्य रूप से ओमप्रकाश गौर, बसंत मलैया, श्रीमती अनीता जाट, श्रीमती सोनू राजपूत, शिव कुमार विश्वकर्मा, चंद्रमोहन गौर, रामअवतार चौर, तुलसीराम बाबरिया, एन डी सराठे, केशव मांगरोल, रामकुमार सोनी, राममोहन परसाई, कृष्णा कुमार उपाध्याय, एम पी गौर, रामकुमार गौर, अशोक यादव एवं मुकेश राजपूत शामिल थे। गायत्री परिवार ने नगर के सभी श्रद्धालुओं और धर्मप्रेमियों से अनुरोध किया है कि वे इन आध्यात्मिक एवं स्वास्थ्यवर्धक कार्यक्रमों में उपस्थित होकर पुण्य लाभ प्राप्त करें।