क्षेत्रीय
13-Jun-2026
...


- चोरी के पांच गैस सिलेंडर, आठ चूल्हे व एक टेम्पू बरामद मधुबनी, (ईएमएस)। मधुबनी पुलिस ने मधेपुर थाना क्षेत्र स्थित कर्ण इंडेन गैस एजेंसी के गोदाम में हुई चोरी की घटना का सफल उद्भेदन करते हुए आठ आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों की निशानदेही पर चोरी किए गए पांच गैस सिलेंडर, आठ गैस चूल्हे और एक टेम्पू भी बरामद किया है। मामले में अन्य संलिप्त अपराधियों और गिरोह के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। मधेपुर थाना क्षेत्र में कर्ण इंडेन गैस एजेंसी के गोदाम में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खुलासा कर दिया है। पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने वैज्ञानिक एवं तकनीकी अनुसंधान तथा गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर इस मामले में संलिप्त आठ शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार कर्ण इंडेन गैस एजेंसी के प्रोपराइटर ने 8 जून को मधेपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। आवेदन में बताया गया था कि 6 जून की रात अज्ञात चोरों ने गोदाम का ताला काटकर गैस सिलेंडर एवं अन्य सामान की चोरी कर ली थी। शिकायत के आधार पर मधेपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई। चोरी मामले में जांच के दौरान मिले तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचनाओं के आधार पर 12 जून को छापेमारी अभियान चलाया गया। जिसमें घटना में शामिल आठ आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के दौरान सभी अभियुक्तों ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर चोरी किए गए सामान को बरामद कर जब्त कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों में प्रमोद कुमार महतो उर्फ मांगन महतो, सुंदर कुमार चौपाल, मोहित मंडल उर्फ गणेश मंडल, संतोष कुमार झा उर्फ पप्पू झा, विकास कुमार राम, सत्यम कुमार, सुमित कुमार तथा मोनु राउत उर्फ सन्नी राउत शामिल हैं। सभी आरोपी मधेपुर थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों के निवासी हैं। आरोपितों के पास से बरामद सामान में 5 गैस सिलेंडर,8 गैस चूल्हे,1 टेम्पू शामिल है। पुलिस के अनुसार गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। साथ ही गिरफ्तार अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। सभी आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। - १३ जून/२०२६/ईएमएस